Sambit Patra On Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड यात्रा को बड़ी कूटनीतिक सफलता बताते हुए रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश से देश के लिए उपलब्धियां लेकर लौटे हैं, जबकि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्रा के दौरान बंद कमरों में “साजिश” रच रहे होंगे.
राहुल गांधी पर साधा निशाना
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशहित में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सफलता हासिल कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस नेता विदेशों में किस उद्देश्य से गए हैं, यह स्पष्ट नहीं है.
#WATCH | दिल्ली: भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "प्रधानमंत्री का तीन देशों – इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड – का दौरा रहा। उससे पहले, उन्होंने सेशेल्स का भी दौरा किया था। इसी दौरान, जापान की राष्ट्राध्यक्ष ने भी भारत का दौरा किया। कुल मिलाकर इसका क्या नतीजा निकला? भारत… pic.twitter.com/Nd2tz3mQ9b
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 12, 2026
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर गए और देश के लिए जीत लेकर लौटे. वहीं राहुल गांधी भी विदेश गए हैं, लेकिन लगता है कि वे बंद कमरों में इस बात की साजिश रच रहे होंगे कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे अच्छे कार्यों में कैसे बाधा डाली जाए.’
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के बयान का किया जिक्र
भाजपा प्रवक्ता ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के उस बयान का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की कई नीतियों को अपनाया है.पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री मोदी का थोड़ा-सा अनुसरण किया होता, तो वह 99 चुनाव नहीं हारते’
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री का भी दिया हवाला
पात्रा ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की उस टिप्पणी का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में हुए बदलावों की सराहना की थी. पात्रा ने कहा कि जब दुनिया भारत की प्रगति और नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, तब देश का विपक्ष इन उपलब्धियों को स्वीकार करने से भी इनकार कर रहा है.
विदेश यात्रा को लेकर उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रयागराज और पटना में प्रस्तावित उनके कार्यक्रम स्थगित हो गए हैं और वह विदेश यात्रा पर हैं. उन्होंने कहा, ‘आप सोच रहे होंगे कि राहुल बाबा कहां हैं. पता लगाने की कोशिश कीजिए. उनके पासपोर्ट पर शायद लंदन, आइसलैंड और जर्मनी जैसी जगहों की मुहरें लगी हों.’
ये भी पढ़ें: राजस्थान में प्रसूताओं की मौत के बढ़ते मामलों पर अशोक गहलोत ने सरकार पर साधा निशाना, कर डाली ये बड़ी मांग



