K Annamalai Resignation : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई (K. Annamalai) का इस्तीफा आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Navin) ने अन्नामलाई के इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। भाजपा मुख्यालय से जारी बयान में कहा गया है कि के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके साथ ही अब वह भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह (Arun Singh) के हस्ताक्षर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय नितिन नवीन ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री के. अन्नामलाई द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिए गए इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है।
सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने दो जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष से मुलाकात की थी। इसके बाद उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ भी अलग से चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि इन बैठकों के दौरान अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने की अपनी इच्छा शीर्ष नेतृत्व के सामने रखी थी। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हुई बैठकों के बाद अन्नामलाई तमिलनाडु लौटने के लिए रवाना हो चुके थे।
इसी दौरान भाजपा नेतृत्व ने उन्हें दोबारा बातचीत के लिए वापस बुलाया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनके फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया, लेकिन अन्नामलाई अपने निर्णय पर कायम रहे। आखिरकार भाजपा नेतृत्व ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी। अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके इस फैसले का राज्य में भाजपा की भविष्य की रणनीति पर असर पड़ सकता है।



