बीकानेर। बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पूर्व IPS अधिकारी मदन गोपाल मेघवाल से मारपीट के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के मुख्य आरोपी बताए जा रहे मोहित अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर लगातार दो वीडियो जारी कर पूरे विवाद को लेकर अपना पक्ष रखा है। वीडियो में मोहित ने कांग्रेस टिकट को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं और दावा किया है कि उनकी टिकट काटी नहीं गई, बल्कि चोरी की गई है। हालांकि, मोहित की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं पुलिस मामले में दर्ज एफआईआर और सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
‘मेरी टिकट कटी नहीं, चोरी हुई है’
सोशल मीडिया पर जारी पहले वीडियो में मोहित अरोड़ा ने खुद को निर्दोष बताते हुए कांग्रेस के कुछ नेताओं पर टिकट प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। उसका दावा है कि उसके पास कुछ कांग्रेस नेताओं के ऑडियो हैं, जिन्हें वह सार्वजनिक कर सकता है। मोहित ने वीडियो में कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं की ओर से उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी और सिंबल दिए जाने के बावजूद बाद में सिंबल बदल दिया गया। उसने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और बीकानेर प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग भी की।
दूसरे वीडियो में घटना को लेकर लगाए आरोप
दूसरे वीडियो में मोहित ने घटना वाले दिन का अपना पक्ष बताते हुए दावा किया कि उसे कांग्रेस कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में बुलाया गया था। उसके अनुसार, वहां टिकट और सिंबल को लेकर विवाद हुआ। मोहित ने आरोप लगाया कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और टिकट को लेकर सवाल पूछने पर विवाद बढ़ गया। वीडियो में उसने घटना को लेकर आक्रामक बयान भी दिए हैं।
मारपीट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर पुलिस ने मदन गोपाल मेघवाल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले में मारपीट और अन्य आरोपों के साथ SC-ST एक्ट की धाराएं भी लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सन्नी वाल्मीकि, सोनू खोखर, अरुण वाल्मीकि और मोहम्मद आजाद के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
मोहित अरोड़ा की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में मोहित अरोड़ा की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। दूसरी ओर, सोशल मीडिया पर वीडियो जारी होने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया है।
कांग्रेस ने पिता-पुत्र को किया 6 साल के लिए निलंबित
इस विवाद के बाद राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मोहित अरोड़ा और उसके पिता पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा को 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश में जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया है।
महिला कांग्रेस पदाधिकारी की भूमिका की भी जांच
मामले में बीकानेर शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकला राठौड़ की भूमिका को लेकर भी शिकायत में संदेह जताए जाने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस नेतृत्व ने उनकी भूमिका की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच और कांग्रेस की आंतरिक जांच के परिणाम पर नजर है। वहीं मोहित अरोड़ा के सोशल मीडिया वीडियो के बाद टिकट और सिंबल विवाद ने बीकानेर के निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस के अंदर चल रही खींचतान को और चर्चा में ला दिया है।



