जयपुर। बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर शुक्रवार सुबह जयपुर पहुंचीं। वह एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के जश्न में शामिल होने के लिए राजस्थान आई हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए रकुल के पति और एक्टर जैकी भगनानी ने सवाई माधोपुर के पास बरवाड़ा स्थित लग्जरी होटल सिक्स सेंसेज फोर्ट को चुना है।
जयपुर एयरपोर्ट पर भूमि पेडनेकर का कूल अंदाज देखने को मिला। वह सिर पर कैप, आंखों पर काला चश्मा और हाथों में किताब लिए नजर आईं। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय भूमि मीडिया कैमरों से बचने की कोशिश करती दिखाई दीं, लेकिन कैमरों ने उन्हें कैद कर लिया।
पत्नी के जन्मदिन के लिए जैकी भगनानी ने चुना शाही किला
रकुल प्रीत सिंह का जन्मदिन आज मनाया जा रहा है। इस मौके को खास बनाने के लिए जैकी भगनानी गुरुवार को ही जयपुर पहुंच गए थे। एयरपोर्ट से वह सीधे सवाई माधोपुर के पास बरवाड़ा स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट के लिए रवाना हो गए।
ऐतिहासिक किले में बने इस लग्जरी होटल में पहले भी बॉलीवुड की चर्चित शादी हो चुकी है। दिसंबर 2021 में विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने इसी जगह शादी की थी। अब रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के आयोजन के लिए इस शाही लोकेशन का चुनाव एक बार फिर चर्चा में है।
बॉलीवुड के कई सितारों के शामिल होने की संभावना
रकुल प्रीत सिंह की बर्थडे पार्टी में बॉलीवुड के कई करीबी दोस्तों के शामिल होने की संभावना है। जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह के परिवार के सदस्य भी इस खास आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, पार्टी में शामिल होने वाले मेहमानों की आधिकारिक सूची अभी सामने नहीं आई है।
राजस्थान के ऐतिहासिक किले, शाही माहौल और लग्जरी होटल बॉलीवुड सितारों के निजी समारोहों के लिए पसंदीदा जगहों में शामिल रहे हैं। बरवाड़ा स्थित सिक्स सेंसेज फोर्ट भी अपनी खास पहचान के लिए जाना जाता है।
जयपुर में ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की भी चर्चा
वहीं, जयपुर में इन दिनों वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग भी चर्चा में है। भूमि पेडनेकर सीरीज के पहले सीजन में मुख्य भूमिका में नजर आई थीं, लेकिन वह दूसरे सीजन का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में उनका जयपुर आना रकुल प्रीत सिंह के जन्मदिन के जश्न में शामिल होने से जुड़ा बताया जा रहा है।
फिलहाल, रकुल के जन्मदिन के इस खास आयोजन को लेकर बॉलीवुड प्रशंसकों की नजरें राजस्थान पर टिकी हैं।



