Bengal Elections 2026 : कोलकाता। बॉलीवुड अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) ने बुधवार को कोलकाता के बेलगछिया इलाके में मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस दौरान उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण की तरह इस बार भी भारी मतदान देखने को मिलेगा। मिथुन चक्रवर्ती ने एक आम मतदाता की तरह मतदान करने पर जोर देते हुए कहा कि जनता का उत्साह इस चुनाव को निर्णायक बना सकता है।
मिथुन चक्रवर्ती ने डाला वोट
चक्रवर्ती ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने ‘‘एक आम मतदाता की तरह’’ किसी विशेष सुविधा की मांग किए बिना, कतार में खड़े होकर वोट डाला। उन्होंने कहा, मुझे कोई सुविधा नहीं चाहिए। मैंने एक आम व्यक्ति की तरह मतदान किया। मतदान प्रतिशत के बारे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा, रुझान देखकर मुझे उम्मीद है कि मतदान 90 प्रतिशत से अधिक होगा। और अगर ऐसा होता है, तो आप अनुमान लगा सकते हैं कि क्या होगा।
तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार अरूप रॉय ने हावड़ा के कासुंदिया महाकाली विद्यालय में मतदान किया और बारिश तथा मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारों के बीच खराब व्यवस्था का आरोप लगाया। नदिया जिले में भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ सरकार ने रानाघाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोरा जियाकुर प्राइमरी स्कूल में अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। उन्होंने चुनाव कराने में निर्वाचन आयोग की भूमिका की सराहना की और सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित गड़बड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।



