Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्षी दलों ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया. विपक्षी नेताओं ने नाट्य के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए मामले पर संसद में चर्चा और जवाबदेही तय करने की मांग की.

पप्पू यादव बने पुजारी
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के सामने पुजारी के वेश में एक प्रतीकात्मक दान पेटी के साथ बैठे. इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता दान पेटी में पैसे डालने पहुंचे. प्रदर्शन के हिस्से के रूप में पप्पू यादव ने उन पैसों को अपनी जेब में रख लिया, जिसके जरिए विपक्ष ने कथित तौर पर राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के आरोपों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने का प्रयास किया. इसके बाद विपक्षी सांसदों ने पप्पू यादव को घेरते हुए “चोर-चोर” और “चढ़ावा चोर” के नारे लगाए.
#WATCH दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र के दौरान अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित चोरी के मुद्दे पर विपक्षी सांसदों ने विरोध-प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/K30qnzhj9F
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 31, 2026
अवधेश प्रसाद ने क्या कहा?
फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुका है. उन्होंने कहा, ‘अयोध्या मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन भूमि है. यदि अयोध्या का अपमान हुआ है, तो हम इस मुद्दे को पूरी मजबूती से उठाएंगे. इसे संसद में भी उठाएंगे और इस पर चर्चा की मांग करेंगे.’ अवधेश प्रसाद ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की शुरुआत समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने की थी और इसे आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है.

अमित शाह का मांगा इस्तीफा
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के अलावा विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी नारेबाजी की.विपक्ष ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग दोहराई.
#WATCH। दिल्ली: प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के सांसदों ने 20 जुलाई को CJP प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस कार्रवाई' को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। pic.twitter.com/oR5vzJ9T1R
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 31, 2026
ये भी पढ़ें: जयपुर के सुबोध कॉलेज में टला बड़ा हादसा, बेसमेंट में लगी आग, 3 इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक



