Rajasthan News: राजस्थान में जल संकट को लेकर सियासत गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में पानी की मांग कर रहे ग्रामीणों पर केस दर्ज करने पर सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने सरकार के रवैये को तानाशाही और भाजपा सरकार का नया ‘डबल इंजन’ सर्कस बताया है.
पानी मांगने पर दर्ज कराया राजकार्य में बाधा का मामला
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- ‘जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री एवं इसी गांव के निवासी जोगाराम पटेल के सामने पानी की किल्लत की समस्या रखी और पानी दिलाने की मांग की थी. मंत्रीजी पानी तो नहीं दिला सके, उल्टा पेयजल विभाग ने ग्रामीणों पर राजकार्य में बाधा डालने की FIR दर्ज करवा दी.
पानी मांगोगे तो जेल जाओगे! राजस्थान में भाजपा सरकार का नया 'डबल इंजन' सर्कस।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) June 3, 2026
जोधपुर के धुंधाड़ा गांव में ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री एवं इसी गांव के निवासी श्री जोगाराम पटेल के सामने पानी की किल्लत की समस्या रखी और पानी दिलाने की मांग की थी। मंत्रीजी पानी तो नहीं दिला सके, उल्टा…
उन्होंने आगे कहा कि जोधपुर जिले से वे इस सरकार में एकमात्र कैबिनेट मंत्री हैं. ऐसे में जोधपुर के लोग उनसे उम्मीद नहीं करेंगे, तो फिर किससे करेंगे? क्या वे जनता की इस मूलभूत आवश्यकता को भी पूरा नहीं कर सकते?
‘सत्ता के मद में सरकार के मंत्रियों एवं प्रशासन की मति भ्रष्ट हो चुकी’
कांग्रेस नेता ने कहा-‘यह दिखाता है कि सत्ता के मद में सरकार के मंत्रियों एवं प्रशासन की मति भ्रष्ट हो चुकी है. इससे पूर्व में भी जब मंत्री जोराराम कुमावत से पेयजल की मांग की गई थी, तब गांववालों के बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए गए थे.
‘भाजपा सरकार अभिमान की पराकाष्ठा पर पहुंची’
पूर्व सीएम ने लिखा-ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार अब संवेदनहीनता और अभिमान की पराकाष्ठा पर पहुंच गई है, जिसके कारण वह ऐसा तानाशाही रवैया अपना रही है जिसकी भर्त्सना की जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें: कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, 63 लोग घायल, IndiGo ने जारी की एडवाइजरी



