Asha Bhosle Last Rites: सुरों की मल्लिका और दिग्गज सिंगर आशा भोसले का शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया. उन्हें महाराष्ट्र पुलिस ने गॉर्ड ऑफ ऑनर भी दिया. इस दौरान बॉलीवुड सिंगर्स ने उनका गाना ‘अभी ना जाओ छोड़कर…’ गाया. इस दौरान वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई.

9 फिल्मफेयर और 100 से अधिक अवॉर्ड जीते
आशा भोसले ने अपने सिंगिंग करियर के दौरान 9 फिल्फमेयर समेत 100 से अधिक अवॉर्ड जीते. इसके साथ ही उन्हें देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था.
12 हजार गाने किए रिकॉर्ड
8 दशकों से अधिक लंबे करियर में आशा ने अविश्वसनीय रूप से 12,000 गाने रिकॉर्ड किए. उनका पहला गाना 1943 में 10 वर्ष की आयु में मराठी फिल्म ‘‘माझा बल’’ के लिए था. उन्होंने 2010 के दशक के अंत तक और उसके बाद भी गायन जारी रखा, जिससे वह वैश्विक संगीत इतिहास में सबसे लंबे समय तक गायन करने वाली गायिका बन गईं. आशा भोसले की आवाज 80 वर्ष की उम्र में भी स्थिर और ताज़गी भरी बनी रही.

आशा भोसले ने बनाई अलग पहचान
लता मंगेशकर गीतों को आवाज देने के लिए संगीतकार मदन मोहन की पहली पसंद थीं, जिन्हें मधुर संगीत और ग़ज़लों का उस्ताद माना जाता है, वहीं आशा भोसले भी इस शैली में उतनी ही निपुण थीं. फिल्म ‘उमराव जान’ की उनकी ग़ज़लें आज भी याद की जाती हैं, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था. हालांकि, उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई-पहले संगीतकार ओ पी नय्यर के साथ उनके लयबद्ध और थिरकने पर मजबूर करने वाले गीतों में, और बाद में आर डी बर्मन के साथ कैबरे, रोमांस, विरह और हर तरह के भावनात्मक गीतों में अपनी खास छाप छोड़ी.

कई प्रसिद्ध अभिनेत्रियों को दी अपनी आवाज
भोसले के लोकप्रिय गीतों में ‘अभी न जाओ छोड़ कर’, ‘इन आंखों की मस्ती’, ‘दिल चीज क्या है’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दुनिया में लोगों को’ और ‘जरा सा झूम लूं मैं’ जैसे गाने शामिल हैं. उन्होंने पद्मिनी एवं वैजयंतीमाला जैसी दक्षिण भारतीय अभिनेत्रियों से लेकर मीना कुमारी, मधुबाला, जीनत अमान, काजोल और उर्मिला मातोंडकर सहित कई प्रमुख अभिनेत्रियों को अपनी आवाज दी. आशा ने 2023 में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में दुबई में आयोजित एक विशेष संगीत कार्यक्रम ‘आशा90: लाइव इन कॉन्सर्ट’ में प्रस्तुति दी थी.
ये भी पढ़ें: ‘चीन ने ईरान को हथियार भेजे तो लगाऊंगा 50 फीसदी टैरिफ’, ट्रंप की बीजिंग को धमकी



