Saturday, October 31, 2026
HomeIndiaसरदार पटेल की 151वीं जयंती पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले-...

सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, बोले- 2029 तक देश को बनाएंगे नशामुक्त

नई दिल्ली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और देशवासियों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

अमित शाह बोले- सरदार पटेल ने अखंड भारत का निर्माण किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं, तब से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने न केवल देश का इतिहास बदला, बल्कि भारत के भूगोल की संरचना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अनेक रियासतों और राज्यों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण का ऐतिहासिक कार्य किया। अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के भौगोलिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक एकीकरण के लिए सफल प्रयास किए। आजादी के समय दुनिया के कई राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना था कि भारत एकजुट नहीं रह पाएगा, लेकिन सरदार पटेल ने अपने नेतृत्व और प्रयासों से इस चुनौती को पूरा किया। उन्होंने कहा कि आज सरदार पटेल द्वारा परिकल्पित और निर्मित भारत पूरी दुनिया के सामने गर्व के साथ खड़ा है।

2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने नशामुक्त भारत अभियान को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस साल 31 मार्च को देश नक्सलवाद से मुक्त होकर नशामुक्त देश की दिशा में आगे बढ़ गया है। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस पर देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक देश को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की जो कल्पना की है, उसका पहला चरण नशामुक्त भारत का निर्माण है। इसके लिए समाज के हर वर्ग और युवाओं को आगे आना होगा।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image