जयपुर। भोपाल से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1886 की रविवार सुबह जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद करीब 140 यात्रियों को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इसके बाद सभी यात्रियों को अराइवल हॉल में लाया गया और विमान की तकनीकी जांच शुरू की गई।
जांच के बाद फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया। इसके बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों को सड़क मार्ग से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई। हालांकि, कुछ यात्रियों ने सड़क के बजाय दूसरे विमान से दिल्ली भेजे जाने की मांग की। इसको लेकर यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों के बीच बहस भी हुई।
एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम करेगी विमान की जांच
जयपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम विमान की विस्तृत तकनीकी जांच करेगी। जांच पूरी होने और विमान के सुरक्षित पाए जाने के बाद ही इसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी।
खराब मौसम के चलते इंडिगो की फ्लाइट जयपुर डायवर्ट
इसी बीच खराब मौसम के कारण एक अन्य फ्लाइट को भी जयपुर डायवर्ट किया गया। कोलकाता से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-864 चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया, जहां विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।



