Cockroach Janta Party Protest: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने रविवार को साफ कहा कि परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन को व्यापक जनसमर्थन मिला और अब इस आंदोलन को देशव्यापी रूप दिया जाएगा.
जंतर मंतर विरोध प्रदर्शन को बताया पूरी तरह सफल
दिल्ली में शनिवार को आयोजित प्रदर्शन के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत करते हुए दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में लगभग 6,000 से 7,000 लोगों ने हिस्सा लिया. उन्होंने इसे आंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर लोगों में व्यापक नाराजगी है.

‘धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने तक जारी रहेगी आंदोलन’
दीपके रविवार सुबह अपने गृह क्षेत्र छत्रपति संभाजीनगर जिले के एमआईडीसी वालुज स्थित आवास पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि CJP का आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूरे देश में फैलाया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘हमने जंतर-मंतर पर जो प्रदर्शन किया, वह सफल रहा. अब हम अगले चरण की रणनीति तैयार कर रहे हैं. जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हमारा आंदोलन जारी रहेगा.’
जंतर मंतर पर CJP के बैनर तले हुआ प्रदर्शन
गौरतलब है कि शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारी एकत्र हुए थे. प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET), भर्ती परीक्षाओं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग ‘कॉकरोच’ मुखौटे पहने दिखाई दिए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए.
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रक्रिया में सुधार और छात्रों के हितों की सुरक्षा को लेकर भी आवाज उठाई. आंदोलन को समर्थन देने वाले कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र संगठनों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई.
CJP ने दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में CJP के प्रवक्ताओं ने कहा कि वे एक सप्ताह तक इस बात का इंतजार करेंगे. यदि इस दौरान धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते या उन्हें पद से नहीं हटाया जाता, तो देशभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा. अब सभी की नजर CJP की आगामी रणनीति और अगले सप्ताह प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी आंदोलन की घोषणा पर टिकी हुई है.
ये भी पढ़ें: ‘वैभव की मेहनत लाई रंग’, बेटे के टीम इंडिया में चयन पर बोले पिता, परिवार में जश्न का माहौल



