Monday, July 13, 2026
HomeIndiaवरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026: जयपुर से शुरू होगा आस्था का सफर, 970...

वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026: जयपुर से शुरू होगा आस्था का सफर, 970 वरिष्ठ नागरिकों को लेकर रामेश्वरम जाएगी विशेष ट्रेन

राजस्थान सरकार और देवस्थान विभाग की पहल से शुरू हुई हो रही वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025-26 के तहत इस खास यात्रा में बुजुर्ग श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन का मौका मिलेगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई है।

जयपुर। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025-26 के तहत पहली विशेष ट्रेन सोमवार (13 जुलाई) को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 3:20 बजे प्रस्थान करेगी। इससे पहले प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आयोजित कार्यक्रम में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। इस पहली यात्रा में जयपुर संभाग के चार जिलों के कुल 970 वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थयात्रा पर जाएंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की मेडिकल टीम भी रहेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

योजना का उद्देश्य


वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना राजस्थान सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य ऐसे बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर देना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। सरकार की ओर से यात्रा, भोजन, रहने और चिकित्सा जैसी सुविधाओं की जिम्मेदारी उठाई जाती है, जिससे वरिष्ठ नागरिक सुरक्षित और आरामदायक तरीके से यात्रा पूरी कर सकें। योजना के तहत हर साल हजारों वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाती है। इस बार भी अलग-अलग चरणों में विशेष ट्रेनों के जरिए श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों तक पहुंचाया जाएगा।

दोपहर 2 बजे यात्रियों से मिलेंगे मंत्री


देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत दोपहर 2 बजे दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों से मुलाकात करेंगे और यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद निर्धारित समय पर ट्रेन को रवाना किया जाएगा। देवस्थान विभाग ने इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे। पात्र आवेदकों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण यात्रियों का चयन लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। चयनित यात्रियों को यात्रा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश पहले ही उपलब्ध करा दिए गए हैं।

यात्रा के दौरान मिलेंगी ये सुविधाएं


पूरी यात्रा के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को भोजन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। देवस्थान विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी यात्रा के दौरान साथ रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तुरंत सहायता मिल सके। राज्य सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र वरिष्ठ नागरिकों को प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराना है। बजट वर्ष 2025-26 में सरकार ने 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा कराने का लक्ष्य रखा है। इनमें 6 हजार यात्राएं हवाई मार्ग से और 44 हजार यात्राएं एसी ट्रेनों के माध्यम से कराई जाएंगी। इस वर्ष त्र्यंबकेश्वर, दश्मेश्वर, गोवा और आगरा जैसे नए तीर्थस्थलों को भी योजना में शामिल किया गया है।

रामेश्वरम-मदुरै का धार्मिक महत्व


रामेश्वरम और मदुरै देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रामेश्वरम में भगवान शिव के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन का विशेष महत्व है, जबकि मदुरै का मीनाक्षी मंदिर भी आस्था का बड़ा केंद्र है। इस यात्रा के जरिए वरिष्ठ नागरिकों को दक्षिण भारत के इन प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। देवस्थान विभाग ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली हैं। विभाग का प्रयास है कि वरिष्ठ नागरिक बिना किसी परेशानी के आरामदायक और यादगार तीर्थयात्रा पूरी कर सकें।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image