Wednesday, April 22, 2026
HomeLatest Newsराहुल गांधी ने पहलगाम हमले की बरसी पर दी श्रद्धांजलि, बोले आतंकवाद...

राहुल गांधी ने पहलगाम हमले की बरसी पर दी श्रद्धांजलि, बोले आतंकवाद के खिलाफ भारत एकजुट, नफरत और डर के आगे नहीं झुकेगा

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहलेगाम आतंकवादी हमले की बरसी पर 26 मृतकों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत हमेशा एकजुट रहेगा। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि देश नफरत और डर के सामने कभी नहीं झुकेगा। प्रियंका गांधी वाड्रा और जयराम रमेश ने भी हमले को मानवता के खिलाफ अपराध बताया। साथ ही आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मजबूत विदेश नीति की जरूरत पर जोर देते हुए सरकार पर सवाल उठाए।

Pahalgam Terror Attack Anniversary : नई दिल्ली। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा भारत एकजुट है और नफरत व डर के आगे कभी नहीं झुकेगा। उन्होंने इस कायराना हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ देश दृढ़ता से खड़ा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने हमला किया था, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक शामिल थे।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, पहलगाम में पिछले वर्ष हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले में शहीद हुए सभी वीरों को मैं भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत उनका बलिदान और उनके परिवारों की पीड़ा को न कभी भूलेगा, और न ही इस कायराना कृत्य के दोषियों को कभी माफ करेगा। उनका कहना था, बेरहमी से छीनी गयी मासूम जिंदगियों की याद आज भी हमारे दिलों को झकझोरती है। शहीदों के परिवारों का दुःख हम सब का दुःख है। देश के उन बेटों की शहादत भारत की आत्मा में सदा अमिट रहेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ पूरा देश एकजुट था, है और हमेशा रहेगा।

नफरत और डर फैलाने वाली ताकतों के सामने भारत कभी नहीं झुकेगा : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने यह भी कहा, नफरत और डर फैलाने वाली ताकतों के सामने भारत कभी नहीं झुकेगा, हम और अधिक मजबूती, एकता और संकल्प के साथ इसके विरुद्ध खड़े रहेंगे। खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘2025 में आज के ही दिन पहलगाम आतंकी हमले के दौरान अपनी जान गंवाने वाले 26 नागरिकों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। देश निर्दोष नागरिकों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और न ही माफ करेगा। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस हमले में अपने प्रियजनों को खो दिया।’उन्होंने कहा, ‘हम अपने बहादुर सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को सलाम करते हैं, जिन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान दृढ़ संकल्प और धैर्य के साथ लड़ाई लड़ी। हम सीमा पर अपने उन नागरिकों को भी याद करते हैं जिन्होंने सीमा पार से गोलाबारी के कारण अपनी जान गंवा दी। उनका बलिदान राष्ट्र की चेतना में अंकित है।’

खरगे ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की भावना आतंकवाद के हर कृत्य के खिलाफ दृढ़ और एकजुट है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर दुख जताया और कहा कि इस हमले से ठीक पहले पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भड़काऊ बयान दिया था, लेकिन अब पाकिस्तान ने वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल कर ली है जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति की विफलता दर्शाता है। रमेश ने यह भी कहा कि विदेश नीति में बदलाव की जरूरत है, लेकिन प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करेंगे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में शहीद सभी बहादुर भारतीयों को भावभीनी श्रद्धांजलि एवं नमन। इस हमले में हमारे निहत्थे-निर्दोष लोगों को बेरहमी से मारा गया, जो कि मानवता के खिलाफ अपराध था। भारत न कभी इसे भूलेगा और न ही ऐसा करने वाले अपराधियों को माफ करेगा।’’ उन्होंने कहा कि हिंसा और आतंकवाद के खिलाफ पूरा भारत सदैव एकजुट था और रहेगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular