Thalapathy Vijay Government : चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के छह दिन बाद आखिरकार थलापति विजय की सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। चुनाव में दो सीटें जीतने वाली विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) ने आधिकारिक तौर पर टीवीके (TVK) को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन की ओर से टीवीके नेता आधव अर्जुना को समर्थन पत्र सौंपा गया। इस दौरान दोनों नेताओं की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसने तमिलनाडु की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।
वीसीके के समर्थन से पहले टीवीके गठबंधन के पास 116 विधायकों का समर्थन था। अब यह संख्या बढ़कर 119 पहुंच गई है, जो 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के आंकड़े से एक ज्यादा है। ऐसे में विजय की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। इस बीच राजनीतिक हलकों में हॉर्स ट्रेडिंग की आशंकाओं ने भी हलचल बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को सुरक्षित रखने के लिए हैदराबाद भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन इस समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि अगर टीवीके सरकार बनती है तो पी. विश्वनाथन को मंत्री पद दिया जा सकता है। हालांकि, इसको लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विजय के साथ आई वीसीके, सौंपा समर्थन पत्र
तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके को वीसीके का समर्थन पत्र मिल गया है। इस प्रकार थलपति विजय के सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इस बार वीसीके ने आधिकारिक तौर पर समर्थन पत्र सौंपा है, इसकी तस्वीर भी सामने आई है।
विजय राज्यपाल से 3 बार मिले, हर बार सरकार बनाने का दावा पेश किया
साउथ सुपरस्टार विजय शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिले और सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन उनके पास महज 116 विधायकों का ही समर्थन पत्र था। इससे पहले विजय ने 6 और 7 मई को भी सरकार बनाने का दावा पेश किया था। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि 118 विधायकों का समर्थन दिखाए बिना वे सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते।



