Wednesday, May 27, 2026
HomeLatest NewsUS-India Trade : अमेरिकी सांसदों ने भारत पर लागू 50 प्रतिशत शुल्क...

US-India Trade : अमेरिकी सांसदों ने भारत पर लागू 50 प्रतिशत शुल्क को समाप्त करने के लिए प्रस्ताव पेश किया, ट्रंप प्रशासन की बढ़ी टेंशन

अमेरिका के तीन प्रभावशाली सांसदों डेबोरा रॉस, मार्क वेसी और राजा कृष्णमूर्ति ने भारतीय वस्तुओं पर ट्रंप द्वारा लगाए गए 50% शुल्क को खत्म करने के लिए कांग्रेस में प्रस्ताव पेश किया है। सांसदों का कहना है कि यह गैर-जिम्मेदाराना शुल्क नीति भारत-अमेरिका की अहम साझेदारी को कमजोर करेगी, आपूर्ति शृंखला बाधित करेगी और अमेरिकी उपभोक्ताओं व श्रमिकों को नुकसान पहुंचाएगी।

US-India Trade : न्यूयॉर्क/वाशिंगटन। अमेरिका के तीन प्रभावशाली सांसदों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत शुल्क को खत्म के लिए कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में एक प्रस्ताव पेश किया है। उन्होंने कहा है कि भारत के प्रति इस ‘‘गैर-जिम्मेदाराना शुल्क रणनीति’’ के प्रतिकूल परिणाम होंगे, जिससे ‘‘यह महत्वपूर्ण साझेदारी कमजोर पड़ेगी। उत्तर कैरोलाइना की प्रतिनिधि डेबोरा रॉस, टेक्सास के प्रतिनिधि मार्क वेसी और इलिनोइस के प्रतिनिधि राजा कृष्णमूर्ति ने शुक्रवार को प्रतिनिधि सभा में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें भारत से आयात की जाने वाली वस्तुओं पर 50 प्रतिशत तक शुल्क लगाने के ट्रंप के फैसले को रद्द करने का अनुरोध किया गया है, ताकि व्यापार पर कांग्रेस के संवैधानिक अधिकार को बहाल करने में मदद मिले।

ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर लगाया 50 प्रतिशत का शुल्क

ट्रंप ने भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत का शुल्क लगाया है, जो दुनिया में सबसे अधिक है। इसमें भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद को लेकर उस पर लगाया 25 प्रतिशत का शुल्क भी शामिल है।प्रस्ताव में उस राष्ट्रीय आपातकाल आदेश को समाप्त करने का प्रावधान किया गया है, जिसे ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (आईईईपीए) के तहत भारतीय वस्तुओं पर व्यापक शुल्क लगाने के लिए लागू किया है। रॉस ने कहा कि ट्रंप के फैसले के कारण भारत से आयात किए जाने वाले कई उत्पादों पर शुल्क बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।

कृष्णमूर्ति ने कहा कि भारत के प्रति ट्रंप की ‘‘गैर-जिम्मेदाराना शुल्क रणनीति के प्रतिकूल परिणाम होंगे, जिससे एक महत्वपूर्ण साझेदारी कमजोर पड़ेगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी हितों या सुरक्षा को बढ़ावा देने के बजाय ये शुल्क आपूर्ति शृंखला को बाधित करते हैं, अमेरिकी श्रमिकों को नुकसान पहुंचाते हैं और उपभोक्ताओं के लिए लागत बढ़ाते हैं। अमेरिका इन हानिकारक शुल्क को समाप्त करके भारत के साथ मिलकर हमारी साझा आर्थिक और सुरक्षा आवश्यकताओं को आगे बढ़ाने में सक्षम होगा।’’

रॉस ने कहा कि यह प्रस्ताव सीनेट की ओर से द्विदलीय रूप से पारित उस विधेयक के बाद आया है, जिसका उद्देश्य ट्रंप द्वारा ब्राजील पर लगाए गए शुल्क को समाप्त करना और आयात पर शुल्क बढ़ाने के लिए आपातकालीन शक्तियों के दुरुपयोग पर अंकुश लगाना है। रॉस ने कहा, ‘‘व्यापार, निवेश और विविधतापूर्ण भारतीय-अमेरिकी समुदाय के माध्यम से उत्तर कैरोलाइना की अर्थव्यवस्था भारत से गहराई से जुड़ी हुई है।’’

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image