Israel US Relations: अमेरिका और इजराइल के रिश्तों में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि न तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनके निर्देशों पर काम करते हैं और न ही वह ट्रम्प की इच्छा के अनुसार फैसले लेते हैं. दोनों देश करीबी सहयोगी जरूरी हैं, लेकिन हर मुद्दे पर उनकी राय समान नहीं होती.
‘मैं ट्रंप के इशारे पर नहीं चलता’
यरुशलम में आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि अमेरिका और इजराइल में कई लोग दोनों नेताओं के रिश्तों को लेकर गलत धारणाएं रखते हैं. उन्होंने कहा, ‘अमेरिका में कुछ लोग मानते हैं कि राष्ट्रपति ट्रम्प वही करते हैं जो मैं उनसे कहता हूं. वहीं इजराइल में कुछ लोगों को लगता है कि मैं वही करता हूं जो ट्रम्प चाहते हैं. लेकिन दोनों ही बातें पूरी तरह गलत हैं.’
‘दोनों देशों के अपने-अपने राष्ट्रीय हित’
नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल और अमेरिका रणनीतिक सहयोगी हैं और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मिलकर काम करते हैं, लेकिन दोनों देशों के अपने-अपने राष्ट्रीय हित हैं. ऐसे में हर विषय पर दोनों सरकारों की सोच और प्राथमिकताएं एक जैसी होना जरूरी नहीं है.
‘ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे’
इजराइली प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का भी उल्लेख किया. उन्होंने दो टूक कहा कि इजराइल किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा. नेतन्याहू ने कहा कि उनकी सरकार इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेगी और राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी.
‘लेबनान से फिलहाल नहीं हटेगी सेना’
इसके अलावा उन्होंने दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य मौजूदगी को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया. नेतन्याहू ने कहा कि जब तक आवश्यकता महसूस होगी, तब तक इजराइली सेना दक्षिणी लेबनान में तैनात रहेगी. उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब लेबनान में हालिया सैन्य गतिविधियों और हिजबुल्लाह के साथ तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा जारी है.
अमेरिका-ईरान वार्ता का दूसरा दौर
वहीं दूसरी ओर स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ता का दूसरा दौर भी शुरू हो गया है. पहले दिन की बातचीत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कुछ तीखे बयानों के कारण तनावपूर्ण रही थी. हालांकि दोनों पक्ष अब भी कूटनीतिक समाधान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं.



