Thursday, July 30, 2026
HomeUser Interest CategoryEntertainmentनितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर हुआ रिलीज, ट्रेलर देखते ही पब्लिक...

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, ट्रेलर देखते ही पब्लिक का आया ये रिएक्शन!

नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर अब रिलीज हो गया है। करीब 4 मिनट के इस ट्रेलर में भव्य विजुअल्स, दमदार VFX, हंस ज़िमर और ए.आर. रहमान का शानदार म्यूजिक और राम-रावण की टक्कर की पहली झलक देखने को मिलती है। हालांकि, सनी देओल के हनुमान की पूरी झलक नहीं दिखाकर मेकर्स ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

मुंबई (प्रज्ञा पांडे)। जिस ट्रेलर का फैंस कई महीनों से इंतजार कर रहे थे, वह आखिरकार सामने आ गया। नितेश तिवारी की ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। पहली ही झलक से साफ हो जाता है कि मेकर्स इस फिल्म को सिर्फ एक पौराणिक कहानी नहीं, बल्कि बड़े पर्दे का ऐसा अनुभव बनाना चाहते हैं जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें। ट्रेलर में कहानी से ज्यादा माहौल बनाया गया है और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत भी है। ट्रेलर की शुरुआत रावण से होती है और यहीं से फिल्म अपना असर छोड़ना शुरू कर देती है। यश का लुक, उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और रावण का रौद्र अंदाज़ ऐसा है कि कुछ ही सेकंड में पूरा ध्यान उन्हीं पर चला जाता है। गोल्डन आर्मर, दमदार बैकग्राउंड स्कोर और उनके एक्सप्रेशंस मिलकर रावण को बेहद शक्तिशाली और रहस्यमयी बना देते हैं। ट्रेलर खत्म होने के बाद भी सबसे ज्यादा चर्चा अगर किसी किरदार की हो रही है, तो वह यश का रावण ही है। खास बात यह रही कि ‘रामायण’ का ट्रेलर ब्रह्म मुहूर्त के शुभ समय पर रिलीज किया गया। मेकर्स ने सुबह करीब 4:15 बजे फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया, जिसे लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्सुकता थी। आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज होते ही ट्रेलर ने तेजी से लोगों का ध्यान खींचना शुरू कर दिया और कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई।

रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के रूप में नज़र आते हैं। उनका लुक बेहद सादा और शांत रखा गया है, जो किरदार की मर्यादा के साथ मेल खाता है। ट्रेलर में राम के कई अलग-अलग रूप देखने को मिलते हैं। कहीं वह माता सीता के साथ शांत पल बिताते दिखाई देते हैं, तो कहीं एक योद्धा की तरह युद्ध के लिए तैयार नज़र आते हैं। साई पल्लवी भी माता सीता के किरदार में कम स्क्रीन टाइम के बावजूद अपनी सहज मुस्कान और भावनात्मक अभिनय से असर छोड़ती हैं। दोनों की केमिस्ट्री ट्रेलर को भावनात्मक स्पर्श देती है।

ट्रेलर की एक और बड़ी ताकत इसके विजुअल्स हैं। अयोध्या की भव्यता, लंका की झलक, विशाल सेनाएं, युद्ध के दृश्य और पौराणिक दुनिया को जिस तरह पर्दे पर उतारा गया है, इसी वजह से वह पहली नज़र में प्रभावित करता है। इसके साथ हंस ज़िमर और ए.आर. रहमान का बैकग्राउंड स्कोर हर बड़े सीन को और ज्यादा असरदार बना देता है। कई जगह ऐसा महसूस होता है कि संगीत ही कहानी को आगे बढ़ा रहा है।

हालांकि, एक चीज़ जिसने कई फैंस का ध्यान खींचा, वह थी हनुमान की गैरमौजूदगी। फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, लेकिन पहले ट्रेलर में उनकी झलक नहीं दिखाई गई। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कई लोग पूछते नज़र आए कि आखिर हनुमान को क्यों छिपाकर रखा गया। संभव है कि मेकर्स इस किरदार का बड़ा खुलासा किसी अगले टीजर या ट्रेलर के लिए बचाकर रखना चाहते हों।

फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे और सनी देओल के अलावा लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे और अनुपम खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। पहला ट्रेलर इतना जरूर बता देता है कि ‘रामायण’ का कैनवास बेहद बड़ा है। अब देखना होगा कि जब फिल्म सिनेमाघरों में आएगी, तो क्या यह ट्रेलर जितना ही प्रभावशाली अनुभव भी दे पाएगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image