Wednesday, May 20, 2026
HomeLatest Newsरायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले- संविधान पर हो रहा...

रायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले- संविधान पर हो रहा हमला, चुप रहना देश के लिए खतरनाक

राहुल गांधी ने रायबरेली की ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ में आरोप लगाया कि देश में संविधान और उसकी विचारधारा पर लगातार हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान डॉ. आंबेडकर, महात्मा गांधी और कई समाज सुधारकों की आवाज है, जिसकी रक्षा जरूरी है। राहुल ने केंद्र सरकार पर सामाजिक न्याय, मनरेगा और जातीय जनगणना जैसे मुद्दों को कमजोर करने का आरोप लगाया तथा महंगाई बढ़ने की चेतावनी भी दी।

Rahul Gandhi BJP Attack : रायबरेली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने रायबरेली में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ में केंद्र सरकार पर संविधान और सामाजिक न्याय की विचारधारा को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए बड़ा राजनीतिक हमला बोला। क्रांतिकारी वीरा पासी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में संविधान की मूल भावना पर लगातार हमला हो रहा है और लोगों को इसके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि डॉ. बीआर आंबेडकर, महात्मा गांधी और कई समाज सुधारकों की सोच और संघर्ष की आवाज है। उन्होंने कहा कि समाज अक्सर महापुरुषों को याद तो करता है, लेकिन उनकी विचारधारा की रक्षा के समय चुप्पी साध लेता है।

जब विचारधारा पर हमला हो, तब उसकी रक्षा की जानी चाहिए : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने कहा कि संविधान कोई साधारण दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह डॉ. आंबेडकर, वीरा पासी और महात्मा गांधी की विचारधारा के साथ-साथ केरल के नारायण गुरु और कर्नाटक के बसवन्ना जैसे अनेक समाज सुधारकों के योगदान को आगे बढ़ाने वाला दस्तावेज है। राहुल ने बुद्ध, गुरु नानक और कबीर का भी संदर्भ देते हुए कहा कि उनकी आवाज संविधान में प्रतिबिंबित होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग मूर्तियों के सामने झुकते हैं और बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित करते हैं, लेकिन जब संविधान और उसकी विचारधारा पर हमला होता है, तब वे चुप रहते हैं। उन्होंने कहा, जो लोग आंबेडकर की प्रतिमा के सामने सिर झुकाते हैं, वे उनकी विचारधारा को भूल जाते हैं। वे उसकी रक्षा नहीं करते। जब विचारधारा पर हमला हो, तब उसकी रक्षा की जानी चाहिए।

दर्शकों के बीच तालियां बजने पर गांधी ने कहा, आप अभी ताली बजा रहे हैं, लेकिन जब संविधान को फाड़ा जाता है, तब आप चुप रहते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान समानता और इस सिद्धांत का प्रतीक है कि हर नागरिक को अपने श्रम का उचित फल मिलना चाहिए। राहुल ने कहा, संविधान कहता है कि भारत सबका है, किसी एक जाति, व्यक्ति, अरबपति या संगठन का नहीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि ईंधन की खपत कम करने, सोना खरीदने से बचने और विदेश यात्राएं घटाने की बात महंगाई बढ़ने के संकेत हैं। उन्होंने कहा, आने वाले महीनों में महंगाई तेजी से बढ़ेगी। पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद्यान्न-हर चीज महंगी होगी।

भारत में समानता और न्याय के आदर्शों की रक्षा सामूहिक रूप से की जानी चाहिए : राहुल

राहुल ने प्रधानमंत्री पर विरोधाभासी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर लोगों से खर्च कम करने को कहा जा रहा है, जबकि दूसरी ओर वे स्वयं महंगे विमानों से विदेश यात्राएं करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मनरेगा को कमजोर करके, जातिगत जनगणना नहीं कराकर और चुनिंदा उद्योगपतियों का पक्ष लेकर ‘हर समय संविधान पर हमला’ कर रहे हैं। गांधी ने कहा कि देश के हितों की कीमत पर अंबानी और अदाणी जैसे बड़े उद्योग समूहों को प्राथमिकता दी जा रही है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि डॉ. आंबेडकर, वीरा पासी, महात्मा गांधी और अन्य महान व्यक्तित्वों को याद करना तभी सार्थक है, जब उनकी विचारधारा की रक्षा की जाए।उन्होंने कहा, सिर्फ उनकी मूर्तियों के सामने हाथ जोड़ना काफी नहीं है। यदि आप बाहर जाकर उनकी विचारधारा के खिलाफ काम करते हैं, तो उसका कोई अर्थ नहीं रह जाता। गांधी ने कहा कि भारत में समानता और न्याय के आदर्शों की रक्षा सामूहिक रूप से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, 21वीं सदी के वीरा पासी, आंबेडकर और गांधी आप लोगों के बीच से ही निकलेंगे। वे आसमान से नहीं आएंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular