Suvendu Adhikari PA Murder Case: बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है. हमलावरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है. साथ ही आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना को सुपारी लेकर हत्या करने वालों ने अंजाम दिया.
घर लौटते समय मारी गोली
जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह कोलकाता से अपने घर मध्यमग्राम लौट रहे थे. बाइक सवार हमलावरों ने रथ की कार को रात करीब 10.30 बजे डोलतला और मध्यमग्राम चौमाथा के बीच दोहरिया के पास रोका और गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए.
6 से 10 राउंड फायरिंग की गई
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई बाइकों में नंबर प्लेट नहीं थी और हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहने हुए थे. शुरुआती जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हमले में करीब 6 से 10 राउंड फायरिंग हुई. इस हमले में वाहन चला रहे बुद्धदेव बेरा को भी गोली लगी है और कोलकाता के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पुलिस को हमले में उन्नत हथियारों का इस्तेमाल किए जाने का संदेह है.
‘हमले में ग्लॉक 47 एक्स’ पिस्तौल का इस्तेमाल’
प्रारंभिक फॉरेंसिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने संभवत: ‘ग्लॉक 47 एक्स’ पिस्तौल का इस्तेमाल किया है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, आम अपराधी इस तरह का हथियार सामान्यत: इस्तेमाल नहीं करते. हम जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें पेशेवर शूटर शामिल थे. पुलिस ने मौके से खाली कारतूस और गोलियां भी बरामद की हैं. साथ ही एक संदिग्ध वाहन भी जब्त किया गया है, जिसकी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई है. अभी हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है.’
ये भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ की हत्या के बाद उत्तर 24 परगना के कुछ हिस्सों में बढ़ा तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा



