Saturday, May 16, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update : जीएसटी में सुधार के प्रस्ताव से शेयर बाजार...

Share Market Update : जीएसटी में सुधार के प्रस्ताव से शेयर बाजार में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 371 अंक चढ़ा

मंगलवार को लगातार चौथे दिन शेयर बाजार में तेजी रही। बीएसई सेंसेक्स 370 अंक चढ़कर 81,644.39 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 24,980.65 के करीब पहुंचा। रिलायंस, टाटा मोटर्स और अदाणी पोर्ट्स में बढ़त रही। जीएसटी सुधार की उम्मीदों और वैश्विक तनाव में कमी से बाजार में सकारात्मक धारणा बनी रही।

Share Market Update : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी रही। जीएसटी में प्रस्तावित सुधारों के साथ वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने के संकेतों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज तथा टाटा मोटर्स में बढ़त के साथ बीएसई सेंसेक्स 371 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी 25,000 अंक के करीब पहुंच गया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 370.64 अंक यानी 0.46 प्रतिशत बढ़कर 81,644.39 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 482.13 अंक तक चढ़ गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 103.70 अंक यानी 0.42 प्रतिशत चढ़कर 24,980.65 अंक पर पहुंच गया।

विश्लेषकों के अनुसार, दिवाली तक माल एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में बड़े सुधारों की योजना और वैश्विक स्तर पर राजनीतिक चिंताओं में कमी से बाजार में धारणा मजबूत बनी रही। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा मोटर्स सबसे ज्यादा 3.5 प्रतिशत के लाभ में रही जबकि अदाणी पोर्ट्स में 3.16 प्रतिशत की तेजी आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.82 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा इटर्नल, टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और मारुति भी लाभ में रहीं।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक शामिल हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, जीएसटी को तर्कसंगत बनाने और भारत की साख में हाल में सुधार से उत्साहित बाजार में तेजी जारी रही। रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम होने के संकेतों से भी धारणा मजबूत हुई है। इससे निकट भविष्य को लेकर दृष्टिकोण रचनात्मक रुख की ओर मुड़ रहा है। मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप और छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप सूचकांक दोनों 0.97 प्रतिशत चढ़े। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 2,630 शेयर लाभ में रहे, जबकि 1,437 में गिरावट आई। वहीं 165 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को स्थिर रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.93 प्रतिशत टूटकर 65.98 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 550.85 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 676.09 अंक चढ़ा था जबकि निफ्टी में 245.65 अंक की तेजी रही थी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular