Saturday, November 14, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessStock Market Closing : शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवाया,सेंसेक्स और निफ्टी...

Stock Market Closing : शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवाया,सेंसेक्स और निफ्टी सपाट हुए बंद,जानें किन कंपनियों के शेयर रहे लाभ में ?

मुंबई,स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को मामूली तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 23 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ.कारोबार के दौरान दोनों मानक सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर चले गये थे लेकिन दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी) और आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से तेजी कायम नहीं रह पाई.अमेरिकी फेडरल रिजर्व के इसी सप्ताह नीतिगत दर पर निर्णय से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया.

सेंसेक्स में 23 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद

30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 23.12 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 81,355.84 अंक पर बंद हुआ.सूचकांक मजबूत खुला और अमेरिका में बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट के साथ एक समय कारोबार के दौरान 575.71 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,908.43 अंक पर चला गया था.बाद में निवेशकों ने उच्चस्तर पर मुनाफावसूली को तरजीह दी.इससे सूचकांक नीचे आया.सेंसेक्स के 16 शेयर लाभ में जबकि 14 नुकसान में रहे.

Nifty 24,836 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 1.25 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की नाममात्र बढ़त के साथ 24,836.10 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 164.9 अंक यानी 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ अपने उच्चतम स्तर 24,999.75 अंक तक चला गया था।

इन कंपनियों के शेयर रहे लाभ में

सेंसेक्स के शेयरों में लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और सन फार्मा प्रमुख रूप से लाभ में रहे.

इन कंपनियों के शेयर रहे नुकसान में

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, टाइटन, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं.

एशिया और यूरोपीय बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे.यूरोप के प्रमुख बाजारों में मिला-जुला रुख रहा.अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को तेजी का रुख था.

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा,”अमेरिका में व्यक्तिगत खपत व्यय के कम होकर 2.5 प्रतिशत रहने तथा 10 साल के बॉन्ड पर प्रतिफल में कमी से यह उम्मीद बंधी है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक सितंबर महीने में नीतिगत दर में कटौती कर सकता है.इससे वैश्विक स्तर पर तेजी आई.”उन्होंने कहा,”हालांकि, घरेलू बाजार में मुनाफावसूली से बाजार स्थिर बंद हुआ.”

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 2,546.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे.वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.88 डॉलर प्रति बैरल रहा.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image