जयपुर। शहर के मालवीय नगर स्थित सेंट एडमंड्स स्कूल में वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी ‘उड़ान—कल्पना से साकार तक’ का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्किंग मॉडल और तकनीकी प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण ‘इंटीग्रेटेड सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी सिस्टम’ मॉडल रहा। इसके माध्यम से अपशिष्ट पृथक्करण, जैविक कचरे से बायोगैस निर्माण और ऊर्जा पुनर्प्राप्ति की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप में प्रदर्शित किया गया। इस मॉडल ने पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग के महत्व को रेखांकित किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक के माध्यम से दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। विभिन्न परियोजनाओं के जरिए उन्होंने सतत विकास, पर्यावरणीय जागरूकता और आधुनिक तकनीक के उपयोग से जुड़ी अपनी समझ को भी प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल मोनिका भाटिया ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य के युवा अन्वेषक हैं। ऐसे आयोजन उनका उत्साह बढ़ाने के साथ समाज में वैज्ञानिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देते हैं।



