नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर लंबे समय तक भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था। अब अस्पताल के अंदर का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वायरल वीडियो में सोनम वांगचुक अस्पताल से बाहर जाने की इच्छा जाहिर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच कई सवाल उठने लगे कि आखिर अस्पताल में क्या हुआ और उन्होंने वहां से जाने की बात क्यों कही। बताया गया कि लंबे समय तक उपवास के कारण कमजोरी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए उन्हें मेडिकल निगरानी की जरूरत थी।
सफदरजंग अस्पताल ने दी सफाई
वीडियो वायरल होने के बाद सफदरजंग अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले पर सफाई दी। अस्पताल की ओर से कहा गया कि वांगचुक की स्थिति को देखते हुए डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे थे और उन्हें जरूरी मेडिकल सलाह दी जा रही थी। अस्पताल के मुताबिक, वांगचुक की ओर से अस्पताल में रहने को लेकर सहमति नहीं थी और इसी वजह से बाहर जाने को लेकर स्थिति बनी।
सोनम वांगचुक के वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनके पक्ष में अपनी राय रख रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले को लेकर सवाल उठा रहे हैं।



