Friday, May 15, 2026
HomeLatest NewsIshaq Dar और Abbas Araghchi की अहम बातचीत, अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर चर्चा,...

Ishaq Dar और Abbas Araghchi की अहम बातचीत, अमेरिका-ईरान युद्धविराम पर चर्चा, दूसरे दौर की शांति वार्ता की उम्मीदें तेज

Pakistan Iran Talks News : इस्लामाबाद। पाकिस्तान और ईरान के बीच कूटनीतिक संवाद एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार (Ishaq Dar) ने शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची (Abbas Araghchi) से फोन पर अहम बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय हालात और अमेरिका-ईरान युद्धविराम से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस बातचीत में पाकिस्तान की ओर से जारी कूटनीतिक प्रयासों पर भी विचार-विमर्श किया गया, जिसका उद्देश्य अमेरिका और ईरान के बीच संवाद को आगे बढ़ाना है। हालांकि, बातचीत के विस्तृत बिंदुओं का खुलासा नहीं किया गया है।

बयान में कहा गया है कि डार ने जल्द से जल्द क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए लंबित मुद्दों के समाधान हेतु सतत संवाद और मुलाकातों की आवश्यकता पर जोर दिया। इसमें आगे कहा गया कि अराघची ने इस संदर्भ में पाकिस्तान की निरंतर और रचनात्मक मध्यस्थता की भूमिका की सराहना की तथा दोनों नेताओं ने संपर्क में रहने को लेकर सहमति जताई। ईरानी मीडिया ने बताया कि अराघची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से भी बातचीत की। पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान को वार्ता की मेज पर लाने के लिए पिछले कुछ दिनों से अपने कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बीच, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को भी यातायात ठप रहा, क्योंकि अधिकारी शांति वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेताओं के संभावित दौरे का इंतजार कर रहे हैं। प्रमुख मुद्दों पर मतभेदों के कारण यह वार्ता फिलहाल रुकी हुई है।

इस्लामाबाद और रावलपिंडी के प्रशासन ने अति विशिष्ट लोगों के आवागमन वाले क्षेत्रों में रविवार से ही सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों को बंद कर दिया था, क्योंकि संकेत मिल रहे थे कि इस सप्ताह बातचीत किसी भी दिन शुरू हो सकती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने अभी तक नूर खान एयरबेस के आसपास के क्षेत्रों को फिर से खोलने और मेट्रो बस, इलेक्ट्रिक बस सेवाओं और माल परिवहन को फिर से शुरू करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है।

पुराने हवाई अड्डे के आसपास की सड़कें, संपर्क मार्ग, बाजार और बैंक पिछले पांच दिनों से लगातार बंद हैं, जिसके कारण शाह फैसल कॉलोनी, खालिद कॉलोनी, गुलजार-ए-कायद, फज़ल टाउन और अन्य क्षेत्रों के निवासी अपने घरों में ही कैद हैं। रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच मेट्रो बस सेवा और सात मार्गों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें निलंबित हैं, जबकि माल परिवहन 19 अप्रैल से रुका हुआ है, जिससे जनता को असुविधा हो रही है। ‘रेड ज़ोन’ अब भी बंद है और इस क्षेत्र में स्थित कार्यालयों के कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular