नई दिल्ली। भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर को ICC की ताजा टी-20 रैंकिंग में बड़ा फायदा हुआ है। वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलने के बाद अय्यर ने 18 स्थान की छलांग लगाई है और पहली बार टी-20 बैटर्स की टॉप-10 रैंकिंग में जगह बनाई है। श्रेयस अब 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 102 रन की पारी खेली थी। इसी प्रदर्शन का फायदा उन्हें बुधवार को जारी ICC रैंकिंग में मिला।
टी-20 टॉप-10 में चार भारतीय
टी-20 बैटर्स की टॉप-10 रैंकिंग में अब भारत के चार बल्लेबाज शामिल हैं।
- ईशान किशन नंबर-1 पर हैं।
- अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर हैं।
- श्रेयस अय्यर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
- तिलक वर्मा 10वें स्थान पर हैं।
श्रेयस के लिए यह खास उपलब्धि है, क्योंकि वह पहली बार टी-20 इंटरनेशनल बैटिंग रैंकिंग के टॉप-10 में पहुंचे हैं।
बुमराह की टॉप-10 में वापसी
टी-20 गेंदबाजों की रैंकिंग में जसप्रीत बुमराह ने भी टॉप-10 में वापसी कर ली है। उन्हें तीन स्थान का फायदा हुआ है। वहीं अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने पाकिस्तान के अबरार अहमद को पीछे छोड़कर टी-20 बॉलर्स की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। भारत के अक्षर पटेल को भी बड़ी छलांग मिली है। उन्होंने 16 स्थान ऊपर चढ़कर सातवां स्थान हासिल किया है। बांग्लादेश के नसुम अहमद आठवें और मेहदी हसन नौवें नंबर पर हैं।
हार्दिक पंड्या को एक स्थान का नुकसान
टी-20 ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में भारतीय स्टार हार्दिक पंड्या को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह अब आठवें नंबर पर हैं और टॉप-10 में शामिल इकलौते भारतीय ऑलराउंडर हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा इस रैंकिंग में नंबर-1 पर बने हुए हैं। हार्दिक चोट के कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेला था।
शुभमन गिल वनडे के नंबर-1 बल्लेबाज
वनडे बैटिंग रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अपना नंबर-1 स्थान और मजबूत किया है। उनके नाम 841 रेटिंग पॉइंट्स हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भी रैंकिंग में सुधार किया है। तीसरे वनडे में 162 रन की पारी खेलने के बाद वह दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं केएल राहुल ने सात स्थान की छलांग लगाई है और अब संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंचकर वनडे बैटर्स की टॉप-10 में शामिल हो गए हैं।



