US Iran Peace Deal : इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) ने अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव को समाप्त करने की दिशा में बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौता हो गया है। उन्होंने बताया कि इस समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में आयोजित एक आधिकारिक समारोह के दौरान हस्ताक्षर किए जाएंगे।
ईरान-अमेरिका के बीच बनी सहमति
सोमवार तड़के सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में शहबाज शरीफ ने कहा कि गहन और विस्तृत वार्ताओं के बाद अमेरिका और ईरान के बीच समझौता संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने का फैसला किया है, जिससे क्षेत्र में शांति और स्थिरता की उम्मीद बढ़ी है।
शहबाज शरीफ ने इस समझौते को कूटनीतिक प्रयासों की बड़ी सफलता बताते हुए अमेरिका और ईरान दोनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने बातचीत और समझदारी के जरिए विवादों का समाधान निकालने की प्रतिबद्धता दिखाई है, जो पूरी दुनिया के लिए सकारात्मक संदेश है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने इस प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाने के लिए सऊदी अरब और तुर्किये के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन दोनों देशों के दूरदर्शी नेतृत्व और मध्यस्थता ने समझौते को अंतिम रूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
शरीफ के अनुसार, समझौते के बाद इस सप्ताह मध्यस्थ देशों की ओर से कई अहम बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में तकनीकी पहलुओं और समझौते के क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, जो 19 जून को होने वाले आधिकारिक हस्ताक्षर समारोह की आधारशिला साबित होंगी। अपने पोस्ट में शहबाज शरीफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजिश्कियान और विदेश मंत्री अब्बास अराघची को भी टैग किया। इस समझौते को मध्य पूर्व में शांति और वैश्विक स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



