Retired Fauji Murder Case : झुंझुनूं। बामनवास गांव में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। इस घटना ने न केवल गांव बल्कि आसपास के पूरे इलाके को झकझोर दिया था। हत्या के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। इसी बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अकरम को जयपुर से हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी को रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। उसे अब आगे की पूछताछ के लिए झुंझुनूं लाया जा रहा है। यह कार्रवाई एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दी।
गिरफ्तारी से पहले आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
घटना के बाद गांव में लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसका घर गिराने की मांग की थी। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर चलाकर आरोपी के घर को ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उसकी गिरफ्तारी से पहले ही कर दी गई थी। इसके साथ ही प्रशासन ने बामनवास में जोहड़ भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाया। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।
तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद से ही गांव में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। कुछ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हाईवे जाम करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली। ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया गया, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो।
जानिए कैसे हुई वारदात?
पुलिस के अनुसार बामनवास गांव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी अकरम ने रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन जयपुर में मिली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।



