Thursday, October 22, 2026
HomeIndiaरेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने पर...

रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने पर विवाद, प्रियंका गांधी का बयान आया सामने

दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाने को लेकर विवाद। प्रियंका गांधी ने समर्थन किया, जबकि अशोक गहलोत ने मामले पर सवाल उठाए।

नई दिल्ली। दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से कुछ तस्वीरें हटाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। इस मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया दी है। वहीं, रेहान वाड्रा ने भी अपनी प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने को लेकर बयान जारी किया है।

प्रियंका गांधी ने रेहान वाड्रा का किया समर्थन

प्रियंका गांधी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब कोई ताकतवर व्यक्ति किसी दूसरे की अभिव्यक्ति से डरने लगता है, तो उसे एहसास भी नहीं होता कि वह वास्तव में उसी ताकत को खो चुका है, जिसे बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने रेहान वाड्रा से कहा कि वह सच का साथ दें और भरोसा जताया कि खूबसूरत चीजें खुद उनके पास आएंगी। प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में कहा कि उन्हें रेहान पर गर्व है और हमेशा रहेगा।

रेहान वाड्रा ने क्या कहा?

रेहान वाड्रा ने दावा किया कि बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उनकी कला प्रदर्शनी में लगाई गई अधिकांश कलाकृतियों को हटाने के लिए मजबूर किया। उनके मुताबिक, प्रदर्शनी का उद्घाटन उसी दिन शाम 7 बजे होना था। रेहान ने बताया कि तस्वीरों में दिल्ली में युवाओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शनों को दिखाया गया था। उनके अनुसार, प्रबंधन को इन तस्वीरों की सामग्री आपत्तिजनक लगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। रेहान वाड्रा ने स्पष्ट किया कि वह भारतीय ध्वज की तस्वीरें नहीं हटाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदर्शनी आंशिक रूप से जारी रहेगी, जबकि विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी तस्वीरों के पूरे संग्रह को प्रदर्शित करने के लिए वह किसी अन्य स्थान की तलाश करेंगे।

अशोक गहलोत ने भी उठाए सवाल

इस विवाद पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से अधिक तस्वीरें हटवाई गईं। गहलोत ने कहा कि बीकानेर हाउस राजस्थान सरकार की संपत्ति है और एक युवा कलाकार की कला को दबाने का प्रयास निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनी में दिल्ली के युवा आंदोलनों से जुड़ी तस्वीरें भी शामिल थीं। अशोक गहलोत ने सवाल उठाया कि आखिर विरोध प्रदर्शनों से संबंधित तस्वीरों को क्यों हटाया गया। उन्होंने इसे कलाकारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र से जुड़ा मुद्दा बताते हुए भाजपा सरकार से जवाब मांगा।

तिरंगे की तस्वीरों को लेकर भी विवाद

रेहान वाड्रा के बयान के मुताबिक, प्रदर्शनी से तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने के लिए भी कहा गया था। हालांकि, उन्होंने इन तस्वीरों को हटाने से इनकार कर दिया। इस घटनाक्रम ने फोटो प्रदर्शनी को लेकर विवाद को और चर्चा में ला दिया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image