Friday, July 24, 2026
HomeLatest Newsई-मित्र WhatsApp सेवा का दायरा बढ़ा, सरकार ने 21 नई सेवाएं की...

ई-मित्र WhatsApp सेवा का दायरा बढ़ा, सरकार ने 21 नई सेवाएं की शुरू, जानें कैसे ले सकेंगे लाभ

Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने ई-मित्र व्हाट्सऐप सेवा का विस्तार करते हुए जयपुर विद्युत वितरण निगम (JVVNL) और स्वायत्त शासन विभाग की 21 नई सेवाएं जोड़ दी हैं। अब नागरिक बिजली बिल डाउनलोड, शिकायत दर्ज, के-नंबर खोजने समेत फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, यूडी टैक्स और म्यूटेशन जैसी सेवाओं का लाभ घर बैठे व्हाट्सऐप के माध्यम से ले सकेंगे।

Rajasthan News: जयपुर। राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को घर बैठे सरल, त्वरित एवं पारदर्शी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का दायरा बढ़ा दिया गया है। अब इस प्लेटफॉर्म पर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) तथा स्वायत्त शासन विभाग की 21 नई सेवाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं। इससे नागरिक बिजली संबंधी सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न नगरीय सेवाओं का लाभ भी सीधे अपने मोबाइल पर वॉट्सऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 1 जुलाई को आयोजित ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस’ के दौरान ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का शुभारंभ किया गया था। शुभारंभ के बाद से ही नागरिकों का इस सेवा के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। अब तक 1.40 लाख से अधिक बार नागरिक इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं, जो इस पहल की बढ़ती लोकप्रियता और उपयोगिता का प्रमाण है।

21 नई सेवाओं को जोड़ा गया

हिमांशु गुप्ता ने बताया कि सेवा के प्रथम चरण में 51 सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं। अब नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसमें 21 नई सेवाओं का विस्तार किया गया है, जिससे अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो रही हैं।

कैसे यूज कर सकते ?

राज्य सरकार द्वारा इस सेवा के लिए वॉट्सऐप नंबर 9461062705 जारी किया गया है। नागरिक इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव कर वॉट्सऐप पर “हाय”, “हेलो”, “ईमित्र”, “हाय ईमित्र”, “हेलो ईमित्र” अथवा “हाय टीम” जैसे सामान्य संदेश भेजकर सेवा प्रारंभ कर सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं की सूची में से आवश्यक सेवा का चयन कर कुछ ही क्लिक में संबंधित सुविधा का लाभ प्राप्त किया जा सकता है। यह सेवा हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है तथा नागरिक द्वारा चयनित भाषा के अनुसार आगे के सभी विकल्प प्रदर्शित किए जाते हैं।

जयपुर विद्युत वितरण निगम की 4 प्रमुख सेवाएं हुईं उपलब्ध

ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा के अंतर्गत ‘विद्युत विभाग (जयपुर)’ श्रेणी में अब निम्नलिखित सेवाएं उपलब्ध हैं—

शिकायत दर्ज करें (Complaint Registration)

बिजली बिल डाउनलोड करें (Download Bill)

शिकायत की स्थिति जानें (Check Complaint Status)

के-नंबर खोजें (Find K Number)

इन सेवाओं के माध्यम से उपभोक्ताओं को अब बिजली कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने मोबाइल से ही शिकायत दर्ज कर सकेंगे, उसकी स्थिति जान सकेंगे, बिजली बिल डाउनलोड कर सकेंगे तथा अपना के-नंबर भी आसानी से खोज सकेंगे। इससे समय की बचत होने के साथ सेवा वितरण अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनेगा।

स्वायत्त शासन विभाग की नागरिक सेवाएं भी अब वॉट्सऐप पर

स्वायत्त शासन विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। अब नागरिक फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, यूडी टैक्स, म्यूटेशन, साइनेज लाइसेंस, वन टाइम लीज डीड तथा स्ट्रीट वेंडर लाइसेंस से संबंधित आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने एवं प्रमाण-पत्र डाउनलोड करने जैसी सुविधाओं का लाभ भी वॉट्सऐप के माध्यम से घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे।

ई-मित्र ऐप एवं कियोस्क पर भी उपलब्ध होंगी सेवाएं

इन सभी सेवाओं को API इंटीग्रेशन के माध्यम से शीघ्र ही ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन एवं ई-मित्र कियोस्क पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को सभी डिजिटल माध्यमों पर एक समान सुविधाएं प्राप्त होंगी।

गुप्ता ने कहा कि ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का उद्देश्य नागरिकों को ‘वन प्लेटफॉर्म, मल्टीपल गवर्नमेंट सर्विसेज’ की सुविधा उपलब्ध कराना है। विभाग का प्रयास है कि अधिकाधिक सरकारी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सरल, सुरक्षित, पारदर्शी, समयबद्ध एवं नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। यह पहल डिजिटल राजस्थान और सुशासन के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

ये भी पढ़ें: राइजिंग राजस्थान के 49 निवेश प्रस्तावों की समीक्षा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शीघ्र क्रियान्वयन के दिए निर्देश


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image