जयपुर: राजस्थान के सभी 10 नगर निगमों में महापौर (मेयर) चुनाव का सियासी संग्राम अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। शुक्रवार को जयपुर, जोधपुर और कोटा में हुए मतदान और मतगणना के साथ ही प्रदेश के सभी शहरों में मेयर के चेहरों की तस्वीर साफ हो गई। इन नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा देखने को मिला, जहां पार्टी ने 10 में से 9 निगमों की कमान अपने नाम कर ली। वहीं, कांग्रेस केवल बीकानेर नगर निगम में ही अपना मेयर बनाने में कामयाब हो सकी।
शुक्रवार को आए नतीजों में राजधानी जयपुर में भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस उम्मीदवार सुनीता मावर को 29 वोटों से शिकस्त दी। कोटा में भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी ने कांग्रेस की सुनीता सुमन को 30 वोटों के अंतर से हराया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र जोधपुर में बेहद नजदीकी मुकाबले के बीच भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता ने कांग्रेस के कद्दावर नेता राजेंद्र सोलंकी को 6 वोटों से मात दी।
यह खबर भी पढ़ें:-मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का देशभर में प्रदर्शन, SIR को लेकर बढ़ा विवाद
इससे पहले 21 सितंबर को हुए चुनावों में अजमेर, अलवर, पाली और उदयपुर में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी। जबकि भरतपुर और भीलवाड़ा में भाजपा के उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ था। पूरे प्रदेश में एकमात्र बीकानेर ही ऐसा निगम रहा जहां कांग्रेस के अनिल कल्ला ने भाजपा के सुरेंद्र सिंह को 20 वोटों से हराकर मेयर पद पर कब्जा जमाया।
सभी 10 नगर निगमों का शहर-वार परिणाम:
- जयपुर: भाजपा के सुनील कोठारी को 89 वोट और कांग्रेस की सुनीता मावर को 60 वोट मिले। सुनील कोठारी 29 वोटों से विजयी रहे।
- जोधपुर: भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता को 53 और कांग्रेस के राजेंद्र सिंह सोलंकी को 47 वोट मिले। मेहता ने 6 वोटों से चुनाव जीता।
- कोटा: भाजपा की अनुसुईया गोस्वामी को 65 और कांग्रेस की सुनीता सुमन को 35 वोट मिले। यहाँ जीत का अंतर 30 वोटों का रहा।
- बीकानेर: कांग्रेस के अनिल कल्ला ने 50 वोट हासिल किए, जबकि भाजपा के सुरेंद्र सिंह को 30 वोट मिले। कल्ला 20 वोटों से जीते।
- अजमेर: भाजपा की अनामिका शर्मा को 43 और कांग्रेस की किरण गढ़वाल को 37 वोट मिले। अनामिका शर्मा 6 वोटों से विजयी हुईं।
- उदयपुर: भाजपा के पारस सिंघवी 55 वोट पाकर मेयर बने, जबकि कांग्रेस की पूनम कुंवर राठौड़ को 25 वोट मिले (अंतर: 30 वोट)।
- अलवर: भाजपा की सुमनलता अग्रवाल को 42 और कांग्रेस की कमलेश शर्मा को 23 वोट मिले (अंतर: 19 वोट)।
- पाली: भाजपा की नमिता बुबकिया को 33 वोट मिले। यहाँ कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी सुमित्रा जैन को सिर्फ 3 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार राजबाला हिंगड़ 29 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं। इस तरह जीत का वास्तविक अंतर 4 वोट रहा।
- भरतपुर: भाजपा की अनुराधा सिंह बिना किसी मुकाबले के निर्विरोध महापौर चुनी गईं।
- भीलवाड़ा: भाजपा की जसवंत कंवर भी निर्विरोध महापौर चुनी गईं।
यह खबर भी पढ़ें:-Jodhpur Mayor Election Result 2026: BJP के प्रसन्नचंद मेहता बने महापौर, कांग्रेस प्रत्याशी को 8 वोट से हराया
राजस्थान के 10 नगर निगमों का फाइनल रिपोर्ट कार्ड:
| नगर निगम | विजयी प्रत्याशी | पार्टी | विजेता वोट | निकटतम प्रतिद्वंद्वी (वोट) | जीत का अंतर |
| जयपुर | सुनील कोठारी | भाजपा | 89 | सुनीता मावर (60) | 29 वोट |
| जोधपुर | प्रसन्नचंद मेहता | भाजपा | 53 | राजेंद्र सोलंकी (47) | 6 वोट |
| कोटा | अनुसुईया गोस्वामी | भाजपा | 65 | सुनीता सुमन (35) | 30 वोट |
| बीकानेर | अनिल कल्ला | कांग्रेस | 50 | सुरेंद्र सिंह (30) | 20 वोट |
| अजमेर | अनामिका शर्मा | भाजपा | 43 | किरण गढ़वाल (37) | 6 वोट |
| उदयपुर | पारस सिंघवी | भाजपा | 55 | पूनम कुंवर राठौड़ (25) | 30 वोट |
| अलवर | सुमनलता अग्रवाल | भाजपा | 42 | कमलेश शर्मा (23) | 19 वोट |
| पाली | नमिता बुबकिया | भाजपा | 33 | राजबाला हिंगड़ (29) | 4 वोट |
| भरतपुर | अनुराधा सिंह | भाजपा | निर्विरोध | — | निर्विरोध |
| भीलवाड़ा | जसवंत कंवर | भाजपा | निर्विरोध | — | निर्विरोध |



