Thursday, August 6, 2026
HomeCrime Newsराजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, हजारों...

राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, हजारों लीटर शराब नष्ट, कई आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर विभिन्न जिलों में लगातार नाकाबंदी, गश्त और दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब और वॉश जब्त कर कई मामलों में अभियोग दर्ज किए गए हैं।

आबकारी विभाग ने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दूसरे राज्यों से होने वाली शराब की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा और बेगूं क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया तथा 15 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई। इसके अलावा बिना नंबर की मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही 62 पव्वे अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

बीकानेर जोन में होटलों और ढाबों पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बीकानेर, श्रीगंगानगर, संगरिया, नोहर, चूरू, रायसिंहनगर और सूरतगढ़ क्षेत्रों में आबकारी टीमों ने 1800 लीटर वॉश और पांच अवैध भट्टियां नष्ट कीं। साथ ही 27 बोतल बीयर, 54 पव्वे देशी शराब और 34 लीटर हथकड़ शराब जब्त कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जयपुर ग्रामीण क्षेत्र में चाकसू के माधोगढ़, तुंगा, बगरियां, नारायण बाबा की ढाणी और ढूंढ नदी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार लीटर वॉश और 15 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं। मौके से 70 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। वहीं केकड़ी में 200 लीटर वॉश नष्ट कर दो लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

ब्यावर आबकारी थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 400 लीटर वॉश और तीन पुरानी भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि छह बोतल हथकड़ शराब बरामद हुई। जोधपुर शहर, ग्रामीण, पश्चिम और सरदारपुरा क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर 58 कैन बीयर, 87 पव्वे देशी शराब, 19 पव्वे अंग्रेजी शराब और चार लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई।

इसी तरह कोटा के रामगंज मंडी क्षेत्र में 700 लीटर वॉश और दो भट्टियां नष्ट की गईं। झुंझुनूं के चिड़ावा में 576 पव्वे अवैध शराब जब्त की गई, जबकि पाली में बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर हरियाणा निर्मित 24 कैन बीयर बरामद होने पर भी मामला दर्ज किया गया।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशभर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी जोन, जिला आबकारी अधिकारियों और निरोधक दलों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image