Saturday, May 16, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान : लोक गायक को धमकाने के आरोप में निर्दलीय विधायक सहित...

राजस्थान : लोक गायक को धमकाने के आरोप में निर्दलीय विधायक सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

जयपुर। लोक गायक छोटू सिंह रावणा को धमकी देने और उनके परिवार की महिलाओं का अपमान करने के आरोप में बाड़मेर जिले में निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पांच अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा होने के बाद रावणा ने विधायक व पांच अन्य लोगों के खिलाफ यह मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि गायक ने भाटी और अन्य लोगों पर उसे धमकी देने और उसके परिवार की महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।

शिव थाने के प्रभारी अधिकारी सत्य प्रकाश ने बृहस्पतिवार को बताया, ‘‘प्राथमिकी बुधवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 351 (2) (3) और 79 के तहत दर्ज की गई थी। मामले को जांच के लिए सीआईडी-सीबी को भेजा जा रहा है।’’

उन्होंने बताया कि शिकायत के साथ एक पेन ड्राइव और कुछ दस्तावेज भी जमा किए गए हैं। यह विवाद तब शुरू हुआ जब गायक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि शिव सीट से विधायक भाटी ने कैंसर से पीड़ित एक बच्चे की गुहार को कथित तौर पर नजरअंदाज कर दिया।

रावणा ने आरोप लगाया कि 27 मार्च को विधायक ने उसे फोन किया, उसे डराया-धमकाया और अप्रत्यक्ष रूप से उसकी जान को खतरा होने की धमकी दी। ‘विवाद बढ़ने के बाद रावणा समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक के खिलाफ जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे। विधायक से इस मामले पर टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular