Saturday, August 15, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य जश्न, बीकानेर में CM भजनलाल...

राजस्थान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य जश्न, बीकानेर में CM भजनलाल शर्मा ने फहराया तिरंगा

राजस्थान में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और लोक संस्कृति के रंग में मनाया गया। बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। करीब 15 प्लाटून ने मार्चपास्ट किया, जबकि राजस्थानी मांगणियार, कालबेलिया, चरी, भवई और गेर सहित विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

जयपुर। राजस्थान में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के बाद देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे स्टेडियम को उत्साह और उमंग से भर दिया।

मांगणियार कलाकारों ने दी ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति

स्वतंत्रता दिवस समारोह में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। राजस्थानी मांगणियार कलाकारों ने ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया। इसके अलावा चरी, कालबेलिया, भवई और गेर नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने भी अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन किया।

कई राज्यों के कलाकारों ने दिखाई सांस्कृतिक विविधता

समारोह में उत्तर प्रदेश के मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य प्रस्तुत किया। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के कलाकारों ने छाऊ और रायबेसे नृत्य पेश किया, जबकि ओडिशा के कलाकारों ने पारंपरिक पाइका नृत्य की प्रस्तुति दी। करीब 1200 स्कूली बच्चों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

15 प्लाटून ने किया शानदार मार्चपास्ट

राज्य स्तरीय समारोह में परेड, बैंड, मार्चपास्ट और ऊंट दल समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। परेड कमांडर आईपीएस प्रतीक के नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा बलों की 15 प्लाटून ने मार्चपास्ट किया। मार्चपास्ट में हाड़ी रानी महिला बटालियन अजमेर, बीकानेर पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ियां, जीआरपी, आरएसी, केंद्रीय कारागार, पंजाब पुलिस, बॉर्डर होमगार्ड, अर्बन होमगार्ड और एनसीसी की टुकड़ियां शामिल रहीं।

16 जिलों में कलेक्टरों ने फहराया तिरंगा

राज्य स्तरीय समारोह के साथ राजस्थान के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने अजमेर और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भीलवाड़ा में जिला स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने जालोर में ध्वजारोहण किया। वहीं झालावाड़, बारां, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चूरू, झुंझुनूं, दौसा, करौली, धौलपुर, जैसलमेर, बालोतरा, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, राजसमंद, सलूंबर और श्रीगंगानगर में जिला कलेक्टरों ने ध्वजारोहण किया।

मंत्रियों ने भी अलग-अलग जिलों में फहराया तिरंगा

राज्य सरकार के कई मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने बूंदी, खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने हनुमानगढ़ और जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भरतपुर में तिरंगा फहराया।

देशभक्ति और लोक संस्कृति से सराबोर रहा राजस्थान

राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला। बीकानेर के राज्य स्तरीय समारोह में भव्य परेड, लोक नृत्य, देशभक्ति प्रस्तुतियां और विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलक ने समारोह को खास बना दिया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image