Saturday, May 16, 2026
HomeLatest NewsPunjab News : सीएम भगवंत मान बोले- ड्रग कारोबार में लिप्त किसी...

Punjab News : सीएम भगवंत मान बोले- ड्रग कारोबार में लिप्त किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा, चाहे कितनी भी बड़ी पहुंच हो

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने गुरुवार को कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी, चाहे वह व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो।

Punjab News : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेगी, चाहे वह व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी मजबूत या प्रभावशाली क्यों न हो। मान का यह बयान पंजाब सतर्कता ब्यूरो द्वारा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को आय के ज्ञात स्रोत से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद आया है।

मजीठिया का नाम लिए बगैर भगवंत मान ने बोला हमला

ब्यूरो ने आरोप लगाया है कि पूर्व मंत्री 540 करोड़ रुपये से अधिक के ‘ड्रग मनी’ का शोधन करने में शामिल थे। मजीठिया का नाम लिए बगैर मान ने कहा कि वह मादक पदार्थ के मामले में कोई रहम नहीं दिखाएंगे और इस बुराई के खिलाफ उनकी सरकार का अभियान जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने मजीठिया के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो की कार्रवाई की निंदा करने के लिए विपक्षी दलों को भी निशाने पर लिया।

संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ चला रही है और यह अब एक जन आंदोलन बन गया है। उन्होंने कहा कि अब गांव के लोग प्रस्ताव पारित कर रहे हैं कि वे किसी को भी मादक पदार्थ बेचने की इजाजत नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि लोग इस अभियान की सराहना कर रहे हैं। मान ने कहा कि मादक पदार्थ के तस्करों और इनके कारोबारियों के मकान ध्वस्त किए जा रहे हैं।

ड्रग कारोबार में लिप्त किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा : भगवंत मान

मुख्यमंत्री ने लोगों को याद दिलाया कि वह कहते रहे हैं कि बड़े तस्करों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी जिन्होंने राज्य में युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा, कोई भी व्यक्ति राजनीतिक रूप से कितना भी मजबूत या प्रभावशाली क्यों न हो, मैं मादक पदार्थों के मामले में किसी पर दया नहीं करूंगा। मैं पंजाब के लोगों के प्रति जवाबदेह हूं और उनका ऋणी हूं। मजीठिया के मामले का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि सतर्कता विभाग ने उचित प्रक्रिया का पालन किया और उचित मामला बनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री मान ने मजीठिया का नाम नहीं लिया।

उन्होंने कहा कि अब तक जिन लोगों को मादक पदार्थों के सिलसिले में जेल भेजा गया है, उनमें से 80-90 प्रतिशत लोगों को जमानत नहीं मिल सकी है। मुख्यमंत्री ने कानून का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी दी कि अगर उन्हें यह भ्रम है कि वे पकड़े नहीं जाएंगे, तो यह गलत है, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। मजीठिया के खिलाफ कार्रवाई की विपक्षी दलों द्वारा निंदा किए जाने पर उन्होंने कहा कि ये वही नेता हैं जो बड़े तस्करों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के लिए सरकार पर सवाल उठाते थे।

उन्होंने कहा, ‘इससे पता चलता है कि यह ‘आम आदमी पार्टी (आप)’ बनाम सभी है।’ मान ने कहा, ‘युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा मिलेगी। चाहे वह कोई भी हो। भले ही वे मुझे नुकसान पहुंचाना चाहें।’ उन्होंने मजीठिया की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ बताने के शिअद के आरोप को खारिज कर दिया। पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने बुधवार को मजीठिया को गिरफ्तार किया और आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री 540 करोड़ रुपये से अधिक के ‘ड्रग मनी’ के शोधन में शामिल थे। यह गिरफ्तारी ब्यूरो की एक टीम द्वारा मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर की गई छापेमारी के बाद हुई।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular