Pune Murder Case : पुणे में 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत का मामला हर दिन नए खुलासों के साथ और चौंकाने वाला होता जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर अपनी मंगेतर के साथ रोमांटिक तस्वीरें और वीडियो शेयर करने वाली सिया गोयल पर अब उसी मंगेतर की हत्या की साजिश रचने का आरोप है।पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ पुणे के लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए गए थे। कुछ घंटों बाद केतन का शव करीब 400 फीट गहरी खाई से बरामद हुआ। शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या में बदल गया।
जांच के दौरान पुलिस को किले के CCTV फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। युवक ने 33 डिग्री तापमान में हुडी पहन रखी थी और वह सिया और केतन के पीछे-पीछे चलता नजर आया। पुलिस को गर्मी में हुडी पहनना संदिग्ध लगा, जिसके बाद जांच की दिशा बदल गई।कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच में पता चला कि सिया लगातार चेतन चौधरी नाम के युवक के संपर्क में थी। पुलिस के मुताबिक, जनवरी से जून के बीच दोनों के बीच 2000 से अधिक कॉल्स और सैकड़ों घंटे बातचीत हुई। बाद में CCTV फुटेज और सोशल मीडिया तस्वीरों के आधार पर हुडी पहने युवक की पहचान चेतन चौधरी के रूप में की गई।
पुलिस का दावा है कि सिया और चेतन एक-दूसरे से प्रेम करते थे और सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने पहले भी केतन को रास्ते से हटाने की कोशिश की थी, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी।मामले को और हैरान करने वाली बात यह है कि सोशल मीडिया पर सिया और केतन की तस्वीरें किसी परफेक्ट कपल जैसी दिखाई देती थीं। दोनों के डांस वीडियो, रोमांटिक पोस्ट, बर्थडे सेलिब्रेशन और शादी की तैयारियों से जुड़े कई पोस्ट अब वायरल हो रहे हैं।परिवार के मुताबिक, नवंबर में दोनों की भव्य शादी होने वाली थी। राजस्थान में करोड़ों रुपये की लागत से एक पैलेस बुक किया गया था और मेहमानों के लिए चार्टर्ड विमान तक की व्यवस्था की गई थी।
फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस कथित साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर दिखने वाली तस्वीरों और वास्तविक रिश्तों के बीच के अंतर को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।



