Monday, May 18, 2026
HomeBiharVoter Rights Yatra : 'वोट अधिकार यात्रा' में शामिल हुईं प्रियंका, राहुल...

Voter Rights Yatra : ‘वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल हुईं प्रियंका, राहुल गांधी ने कहा- बच्चा-बच्चा कह रहा है ‘वोट चोर…’

राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के 10वें दिन उन्होंने पीएम मोदी, अमित शाह और चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाया। प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव ने भी यात्रा में हिस्सा लेकर बीजेपी पर लोकतंत्र और आरक्षण चुराने का आरोप लगाया।

Voter Rights Yatra : सुपौल/मधुबनी/दरभंगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 10वें दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा निर्वाचन आयोग पर जबरदस्त हमला बोला और कहा कि अब तो देश का बच्चा-बच्चा ‘‘वोट चोर, वोट चोर’’ बोल रहा है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यह दावा भी किया कि अमित शाह ने ‘‘वोट चोरी की अकड़’’ के कारण कुछ साल पहले भाजपा के 40-50 साल तक सत्ता में रहने की बात की थी। यात्रा के 10वें दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी अपने भाई के साथ उसमें शामिल हुईं और आरोप लगाया कि जनता का विश्वास खो चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश भर में ‘वोट चोरी’ की साजिश कर रही है।

तेजस्वी यादव ने ‘वोट चोरी’ के साथ उठाया आरक्षण का मुद्दा

राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने ‘‘वोट चोरी’’ के साथ ही आरक्षण के विषय को भी जोर-शोर से उठाया और आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ‘‘वोट चोर’’ ही नहीं, बल्कि ‘‘आरक्षण चोर’’ भी हैं। प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं के साथ एक खुली एसयूवी में सवार थीं। कई स्थानों पर लोग यात्रा का स्वागत करने के लिए कतारबद्ध खड़े थे। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने हाथ हिलाकर उत्साही भीड़ का अभिवादन किया। यात्रा एक दिन के अवकाश के बाद मंगलवार सुबह सुपौल से शुरू हुई और दोपहर में मधुबनी पहुंची। शाम के समय यह दरभंगा पहुंची। 11वें दिन की यात्रा बुधवार सुबह दरभंगा से शुरू होगी।

राहुल गांधी और महागठबंधन के कई अन्य नेताओं ने मधुबनी में एक सभा को संबोधित किया। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कुछ साल पहले अमित शाह ने कई बार यह बयान दिया कि भाजपा की सरकार 40-50 साल तक रहेगी। पहले ये बयान अजीब लगा, अमित शाह को कैसे पता कि 40-50 साल तक सरकार चलेगी। अब सच्चाई सामने आ गई है।’’ उन्होंने दावा किया कि अमित शाह ऐसा इसलिए कह पा रहे थे, क्योंकि ये लोग ‘वोट चोरी’ करते हैं। बाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘40-50 साल सत्ता में बने रहने की बातें – भविष्यवाणी नहीं, वोट चोरी की अकड़ थी।’’ राहुल गांधी ने सभा में कहा, ‘‘वोट की चोरी पहले गुजरात में शुरू हुई और फिर 2014 में देश के दूसरे हिस्सों में शुरू हो गईं। ये लोग चुन-चुनकर राज्य जितवाते और हरवाते हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी तय करते हैं कि निर्वाचन आयुक्त कौन बनेगा और इसमें विपक्ष के नेता की एक नहीं सुनी जाती।

निर्वाचन आयुक्त पर कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता : राहुल गांधी

राहुल गांधी का कहना था, ‘‘2023 में भाजपा ने नया कानून बनाया कि निर्वाचन आयुक्त पर कोई मामला दर्ज नहीं किया जा सकता। सवाल है कि ऐसा कानून क्यों बनाया गया? जवाब है- ‘वोट चोरी’ करवाने के लिए। उनका कहना था, ‘‘ ‘वोट चोरी’ से संबंधित मेरे संवाददाता सम्मेलन पर नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ने कुछ नहीं कहा। ऐसा इसलिए क्योंकि जब चोर पकड़ा जाता है तो वह बिल्कुल चुप हो जाता है। उसे पता चल जाता है कि मैं तो फंस गया, अब पकड़ लिया गया हूं।’’ कांग्रेस नेता ने दावा किया कि वोट का अधिकार छिन जाने के बाद लोगों को कोई दूसरा अधिकार नहीं मिल सकेगा। उन्होंने कहा, ‘‘संविधान में लिखा है कि हिंदुस्तान के हर नागरिक को एक वोट मिलेगा। अंबानी का बेटा हो या देश का गरीब युवा, दोनों को एक समान वोट मिलता है। अंबानी जैसे पूंजीपतियों को वोट की जरूरत नहीं है, बैंक के दरवाजे उनके लिए खुले हैं, उनका कर्ज माफ हो जाता है।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘देश में वोट की जरूरत गरीबों को है, क्योंकि इसके बिना आपको कोई अधिकार नहीं मिल सकता।’’ उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान की रक्षा के लिए जरूरी है कि वोट की रक्षा की जाए। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग सिर्फ ‘‘वोट चोर’’ ही नहीं, बल्कि ‘‘आरक्षण चोर’’ भी हैं। यादव ने यह दावा भी किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार संभल नहीं रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से बिहार की सरकार चला रहे हैं। यात्रा में शामिल होने पर प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा देश भर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है।

भाजपा-जद (यू) सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है : राहुल गांधी

बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, आर्थिक संकट समेत हर मोर्चे पर नाकाम भाजपा-जद (यू) सरकार जनता का वोट चुरा कर सत्ता में बने रहना चाहती है। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘संविधान ने हर एक भारतीय को वोट का अधिकार दिया है। यह अधिकार कोई भी ताकत छीन नहीं सकती। गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। जय संविधान।’’ बीते रविवार को अररिया में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं और परिणाम फलदायी होंगे।

राहुल गांधी ने बिहार में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के खिलाफ ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी घटक दलों द्वारा समर्थित ‘वोटर अधिकार यात्रा’ शुरू की है। सासाराम से 17 अगस्त को शुरू हुई 16 दिवसीय यात्रा एक सितंबर को पटना में एक रैली के साथ समाप्त होगी। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। यह यात्रा अब तक रोहतास, औरंगाबाद, गयाजी, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, सुपौल और मधुबनी से होकर गुजर चुकी है। अब यह दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, सारण, भोजपुर और पटना जिलों से होकर गुजरेगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular