PM Modi Address to Nation: पीएम मोदी आज रात 8.30 बजे देश को संबोधित करेंगे. उनका ये संबोधन ऐसे समय में होने जा रहा है, जब एक दिन पहले ही लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो पाया है. ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम मोदी संशोधन विधेयक को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख सकते हैं. हालांकि की सरकार की तरफ से अब तक यह नहीं बताया गया है कि किस विषय को लेकर बोलेंगे.
विधेयक पर 21 घंटे तक चली चर्चा
बता दें कि संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़ा अहम विधेयक पेश किया गया, लेकिन यह लोकसभा में पास नहीं हो सका. यह घटनाक्रम राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विधेयक पर सदन में करीब 21 घंटे तक चर्चा चली, जिसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने तर्क रखे.
पक्ष में 298 वोट और विपक्ष में 230 वोट
जब बिल पर मतदान हुआ तो पक्ष में 298 वोट और विपक्ष में 230 वोट पड़े, हालांकि, यह संख्या बिल पास कराने के लिए पर्याप्त नहीं थी. इस तरह के संवैधानिक संशोधन से जुड़े विधेयक को पास करने के लिए दो-तिहाई बहुमत (352 वोट) की जरूरत होती है. पक्ष में मिले 298 वोट इस आंकड़े से काफी कम रहे, जिसके कारण बिल पारित नहीं हो पाया.
‘विपक्ष को फैसले पर जिंदगीभर पछताना पड़ेगा’
पीएम मोदी ने संशोधन विधेयक के पारित न होने पर शनिवार को निराशा भी व्यक्त की और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को अपने इस फैसले के लिए जिंदगीभर पछताना पड़ेगा. पीएम मोदी ने यह टिप्पणी संसद भवन में आयोजित सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक के दौरान की.
ये भी पढ़ें: रूस से अब और तेल खरीद सकता है भारत, अमेरिका ने प्रतिबंधों में छूट बढ़ाने का किया ऐलान



