Friday, September 4, 2026
HomeIndiaपीएम मोदी ने मेलोनी दी बधाई: इटली में 1413 दिन लगातार सत्ता...

पीएम मोदी ने मेलोनी दी बधाई: इटली में 1413 दिन लगातार सत्ता में रहकर बनाया रिकॉर्ड, दोस्ती का भी किया जिक्र…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लगातार 1413 दिन सत्ता में रहने और इटली में नया रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी। मोदी ने मेलोनी को अपनी मित्र बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे को दर्शाती है। मेलोनी ने पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का 1412 दिन का रिकॉर्ड तोड़ा है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी है। मेलोनी की सरकार ने शुक्रवार को लगातार 1413 दिन सत्ता में रहकर इटली में नया रिकॉर्ड बनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मेलोनी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेलोनी को अपनी मित्र बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि इटली के लोगों के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।

मोदी बोले- भारत और इटली की साझेदारी में अहम योगदान

पीएम मोदी ने कहा कि जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बेहतर भविष्य के लिए आने वाले वर्षों में भी मिलकर काम करने की उम्मीद जताई। साथ ही मोदी ने मेलोनी को भविष्य के लिए सफलता की शुभकामनाएं दीं।

मेलोनी ने तोड़ा बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड

जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने लगातार 1413 दिन सत्ता में रहकर पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बर्लुस्कोनी की दूसरी सरकार 2001 से 2005 तक लगातार 1412 दिन सत्ता में रही थी। मेलोनी ने एक दिन ज्यादा सत्ता में रहकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इटली में 1946 में गणराज्य बनने के बाद यह किसी एक कैबिनेट का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल बताया जा रहा है।

इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी थीं मेलोनी

जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला था। वह इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। मेलोनी दक्षिणपंथी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली (FdI) की प्रमुख भी हैं। उनकी सरकार तीन दक्षिणपंथी और कंजरवेटिव पार्टियों के गठबंधन पर आधारित है।

मेलोनी ने भी मोदी को दी थी बधाई

जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच दोस्ती और कूटनीतिक संबंधों की चर्चा अक्सर होती रही है। जून 2026 में जब नरेंद्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा था, तब मेलोनी ने भी सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी थी। मेलोनी ने मोदी को बधाई देते हुए भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि का जिक्र किया था।

मेलोनी की पार्टी मनाएगी रिकॉर्ड कार्यकाल का जश्न

मेलोनी की पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली (FdI) ने सरकार के रिकॉर्ड कार्यकाल के मौके पर शुक्रवार शाम दक्षिणी शहर बारी में बड़ी रैली आयोजित की है। इसमें जॉर्जिया मेलोनी भी संबोधित करेंगी। रैली में हजारों समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। समर्थकों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए करीब 80 बसों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की क्षमता बताई गई है। मेलोनी ने अपने लंबे कार्यकाल को बड़ी उपलब्धि बताया है। हालांकि, उनके आलोचकों का कहना है कि सरकार ने लंबे समय तक सत्ता में बने रहने को अपनी प्रमुख उपलब्धि के तौर पर पेश किया है। 2027 में होने वाले चुनाव से पहले इस रैली को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।

इटली में सरकारों का औसत कार्यकाल करीब 13 महीने

इटली का राजनीतिक इतिहास सरकारों के बार-बार बदलने और राजनीतिक अस्थिरता के लिए जाना जाता है। 1946 में गणराज्य बनने के बाद से देश में कई सरकारें सत्ता में आ चुकी हैं और उनका औसत कार्यकाल करीब 13 महीने रहा है। ऐसे राजनीतिक माहौल में मेलोनी की सरकार का करीब चार साल तक लगातार सत्ता में बने रहना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मोदी-मेलोनी की दोस्ती का ‘Melodi’ कनेक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चित रही है। मई 2026 में मोदी इटली के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्होंने मेलोनी को Melody टॉफी का पैकेट गिफ्ट किया था। इसके बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो साझा करते हुए मोदी को गिफ्ट के लिए धन्यवाद दिया था। दोनों नेताओं की साथ की तस्वीरों के बाद सोशल मीडिया पर #Melodi काफी लोकप्रिय हुआ था। अब मेलोनी के 1413 दिन के रिकॉर्ड पर पीएम मोदी की बधाई ने एक बार फिर दोनों नेताओं की दोस्ती और भारत-इटली संबंधों को चर्चा में ला दिया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image