Saturday, May 16, 2026
HomeIndiaIndia Pakistan Tension: पाकिस्तान ने LoC पर लगातार 10वें दिन तोड़ा सीजफायर,...

India Pakistan Tension: पाकिस्तान ने LoC पर लगातार 10वें दिन तोड़ा सीजफायर, भारतीय सेना ने दिया करारा जवाब

CeaseFire Violation: पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार 10वीं रात बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।

India Pakistan News: नापाक हरकत से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, पाक सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर विभिन्न सेक्टर में बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसका भारतीय सेना ने प्रभावी तरीके से जवाब दिया. अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि में केंद्र शासित प्रदेश के 5 जिलों के 8 स्थानों से पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किए जाने की सूचना मिली. उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

पाकिस्तान ने लगातार 10वीं रात तोड़ा सीजफायर

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत एवं पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच यह लगातार 10वीं रात थी जब सीमा पार से बिना उकसावे के गोलीबारी की गई. पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी जिसमें अधिकतर पर्यटक थे.

रक्षा प्रवक्ता ने दी ये जानकारी

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, ‘3 और 4 मई की मध्य रात्रि को पाकिस्तानी सेना की चौकियों की तरफ से जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर के सामने स्थित LoC पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई. भारतीय सेना ने तुरंत और प्रभावी तरीके से इसका जवाब दिया.’

सिंधु जल संधि निलंबित होने के बाद से हो रही फायरिंग

भारत और पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम समझौते को 25 फरवरी 2021 को नवीनीकृत किए जाने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं बहुत कम देखी गई थीं. पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने के कुछ घंटों बाद 24 अप्रैल की रात से पाकिस्तानी सैनिक एलओसी पर विभिन्न स्थानों पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर रहे हैं.

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में एलओसी के पास कई चौकियों पर बिना उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू करने के बाद, पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ सेक्टर और फिर जम्मू क्षेत्र के अखनूर सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. इसके बाद राजौरी जिले के सुंदरबनी और नौशेरा सेक्टर में एलओसी के पास कई चौकियों पर छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई. पुंछ जिले के मेंढर और जम्मू जिले के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भी गोलीबारी की गई.

भारत की चेतावनी के बावजूद नहीं रुक रही गोलीबारी

भारत और पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच हाल में ‘हॉटलाइन’ पर बातचीत हुई थी. ऐसा बताया गया है कि इस दौरान भारत ने पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के की जा रही गोलीबारी को लेकर उसे चेतावनी दी थी. इसके बावजूद गोलीबारी रुक नहीं कर रही.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular