Nitish Kumar Reddy Injury : नई दिल्ली। हरफनमौला नीतिश रेड्डी अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे श्रृंखला के दौरान लगी चोट के कारण ब्रिटेन के सीमित ओवरों के दौरे से बाहर हो गए हैं। उन्हें हार्दिक पंड्या की जगह टीम में रखा गया था जो चोट के कारण वनडे में पूरे दस ओवर डालने की स्थिति में नहीं हैं। मेडिकल बुलेटिन में कहा गया, नीतिश कुमार रेड्डी आयरलैंड श्रृंखला से बाहर हैं। एमआरआई से पता चला है कि उनकी बायीं जांघ की मांसपेशियों में सूजन है और उसके रेशे टूट गए हैं। उन्हें आगे आकलन के लिये सीओई जाने को कहा गया है। समझा जाता है कि उन्हें इससे उबरने में कम से कम चार सप्ताह या अधिक भी लग सकते हैं।
AFG वनडे सीरीज के दौरान लगी थी नीतिश को चोट
नीतीश कुमार रेड्डी को हालिया अफगानिस्तान वनडे सीरीज के दौरान बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में चोट लगी थी। शुरुआत में इसे सामान्य समस्या माना गया था, लेकिन एमआरआई रिपोर्ट ने तस्वीर बदल दी। मेडिकल जांच में मांसपेशी में सूजन और फाइबर डैमेज सामने आया है, जिसके बाद उन्हें आगे के मूल्यांकन और रिहैबिलिटेशन के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) बुलाया गया है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि उनकी रिकवरी में कम से कम चार सप्ताह लग सकते हैं। इसके बाद ही वह ‘रिटर्न टू प्ले’ प्रक्रिया शुरू कर पाएंगे। ऐसे में आयरलैंड सीरीज तो लगभग हाथ से निकल चुकी है, जबकि इंग्लैंड दौरे में उनकी उपलब्धता भी संदेह के घेरे में है। आयरलैंड में 2 मुकाबले होेंगे, पहला टी20 26 जून और दूसरा 28 जून को खेला जाएगा।
हार्दिक के बैकअप प्लान को लगा बड़ा झटका
नीतीश कुमार रेड्डी की चोट ऐसे समय सामने आई है जब भारतीय टीम पहले से ही ऑलराउंडर विकल्पों को लेकर चिंता में है। स्टार खिलाड़ी हार्दिक पांड्या भी क्वाड्रिसेप्स की समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल वनडे क्रिकेट में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में नहीं हैं। इसी कारण टीम प्रबंधन नीतीश रेड्डी को एक ऐसे ऑलराउंडर के रूप में देख रहा था, जो मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी का विकल्प भी दे सकें। हालांकि, चोट के चलते उनके बाहर होने से टीम की योजनाओं को बड़ा झटका लगा है। अब दोनों प्रमुख पेस-बॉलिंग ऑलराउंडरों की फिटनेस चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बन गई है।



