Baramulla Blast News : गुलमर्ग। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास शनिवार को एक रहस्यमय विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना सुमली वाली ढोक स्थित आशा पोस्ट के निकट हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जबीर अहमद बाजाद के रूप में हुई है। वह मोहम्मद रफीक बाजाद का पुत्र था और बारामूला जिले के चंदूसा के गलीबल गांव का निवासी था। धमाका इतना तेज था कि जबीर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। विस्फोट में घायल हुए चार अन्य लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल घायलों की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि पीड़ित ने गलती से इलाके में पड़े किसी पुराने शेल या विस्फोटक सामग्री को छू लिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, अधिकारी अभी तक विस्फोटक की वास्तविक प्रकृति या धमाके के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाए हैं।
घटना के बाद पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, फॉरेंसिक और बम निरोधक विशेषज्ञों की मदद से विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। एलओसी से सटे इलाकों में पहले भी पुराने गोले और अन्य विस्फोटक सामग्री मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस या सुरक्षा बलों को इसकी सूचना दें।



