नागपुर,महाराष्ट्र (प्रज्ञा पांडे)। महाराष्ट्र के नागपुर में नाबालिग लड़की के अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार 19 वर्षीय युवक पुलिस हिरासत में अपनी मांगों को लेकर चर्चा में आ गया है। आरोपी ने लॉकअप की सुविधाओं को लेकर शिकायत करते हुए पिज्जा, प्रीमियम खाना, आरामदायक बिस्तर और मच्छर भगाने की दवा की मांग की है। आरोपी की पहचान निर्भय उर्फ आकाश माधव पखारे के रूप में हुई है। वह BBA का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे नागपुर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ नाबालिग के अपहरण, यौन उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, लड़की को ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 16 वर्षीय लड़की से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। आरोप है कि बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी लड़की को एक किराए के फ्लैट में ले गया, जहां उसे 30 घंटे से अधिक समय तक रखा गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में रहने के दौरान आरोपी ने लॉकअप की स्थिति को लेकर शिकायत की। उसने कथित तौर पर गंदगी, बदबूदार शौचालय और असुविधाओं का हवाला देते हुए बेहतर सुविधाओं की मांग की। आरोपी ने नाश्ते में पिज्जा, रात के खाने में प्रीमियम भोजन, सोने के लिए मुलायम गद्दा और मच्छरों से बचने के लिए रिपेलेंट उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मोबाइल और जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी जांच प्रक्रिया में पूरी तरह सहयोग नहीं कर रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मेडिकल जांच कराने में भी आनाकानी की और मोबाइल फोन से जुड़ी अहम जानकारियां साझा नहीं की हैं। जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि इन जानकारियों से पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलेगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है। अदालत में आगे की सुनवाई के बाद ही कानूनी प्रक्रिया की दिशा तय होगी।



