Dhirendra Shastri Controversial Comment on Gyanvapi Masjid: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सोमवार को वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद को ‘कलंक’ करार देते हुए कहा कि ज्ञानवापी मामले में अदालत का फैसला आने के बाद उस पर जलाभिषेक होगा और भगवा ध्वज लहराया जाएगा. उनके इस बयान की ‘ऑल इंडिया मुस्लिम जमात’ के अध्यक्ष मौलाना शहाबउद्दीन रजवी ने तीखी आलोचना की है. उन्होंने कहा है कि ‘धीरेंद्र शास्त्री झूठ बोल रहे हैं और मस्जिद को कलंक बताकर अच्छे-भले माहौल को खराब करना चाहते हैं.’
जलाभिषेक और भगवा लहराने की कही बात
दरअसल वाराणसी में एक निजी शोरूम का उद्घाटन करने आए शास्त्री ने ज्ञानवापी मस्जिद की तरफ इशारा करते हुए कहा कि काशी में बाबा विश्वनाथ के बगल में जो ‘कलंक’ लगा हुआ है, उसके मामले में जल्द ही न्यायालय का फैसला आएगा. उन्होंने कहा कि अदालत का निर्णय आने के बाद वहां जलाभिषेक होगा और भगवा लहराया जाएगा.
बहुसंख्यक लोगों को उकसाने का लगाया आरोप
‘ऑल इंडिया मुस्लिम जमात’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद दरअसल एक मस्जिद है और उसे कलंक कहना सरासर गलत है. मौलाना ने आरोप लगाया कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री ज्ञानवापी मस्जिद पर भगवा लहराने की बात कहकर बहुसंख्यक समुदाय के लोगों को उकसाना और भड़काना चाहते हैं.
बयानबाजी कर मुकदमे को प्रभावित करने का लगाया आरोप
उन्होंने कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर अदालत में मुकदमा लम्बित है और अदालत जो भी फैसला करेगी वह सबके लिए मान्य होगा, मगर शास्त्री इस तरह की बयानबाजी करके मुकदमे को प्रभावित करना चाहते हैं. अदालत को चाहिए कि वह शास्त्री के इस भड़काऊ और आपत्तिजनक बयान का स्वत: संज्ञान लेकर उन्हें तलब करे और पूछे कि वह आखिर ऐसी बयानबाजी क्यों कर रहे हैं.
‘ज्ञानवापी मस्जिद है और कयामत तक मस्जिद ही रहेगी’
रजवी ने आगे कहा कि कोई भी मंदिर तोड़कर मस्जिद नहीं बनाई जा सकती क्योंकि शरीयत किसी भी मुसलमान को इस बात की इजाजत नहीं देती है. उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री झूठ बोल रहे हैं.’ उन्होंने कहा, ”मैं शास्त्री को बताना चाहता हूं कि ज्ञानवापी मस्जिद है और कयामत तक मस्जिद ही रहेगी. मस्जिद के नाम पर किसी से कोई समझौता नहीं किया जा सकता.”
ये भी पढ़ें: पचपदरा स्थित रिफाइनरी में आग के बाद पीएम मोदी का दौरा स्थगित, उद्घाटन की नई तारीख का ऐलान जल्द



