जयपुर। बगरू के रीको औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार शाम एक फैक्ट्री के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में करीब साढ़े चार बजे लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग लगने के वक्त गोदाम में करीब एक दर्जन मजदूर मौजूद थे, लेकिन आग बढ़ने से पहले ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग और आसपास के क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें लगातार बढ़ती देख अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। छह से ज्यादा दमकल वाहनों ने दो घंटे से अधिक समय तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
वहीं, आग की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया और लोगों को आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा। बगरू थानाधिकारी चंद्रभान के अनुसार, आग करीब साढ़े चार बजे लगी थी। दमकल वाहनों की लगातार मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।



