Maharashtra TET Paper Leak 2025 : पुणे। महाराष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों को एक बार फिर से बड़ा झटका लगा है। ठाणे जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र परीक्षा से ठीक एक दिन पहले लीक होने का मामला उजागर हुआ है। यह परीक्षा रविवार, 28 जून को आयोजित होनी थी, लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है।
पेपर लीक के बाद परीक्षा टली
परिषद की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE), पुणे ने 28 जून 2025 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2025) को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह फैसला परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका सामने आने के बाद लिया गया। परिषद ने बताया कि 27 जून की सुबह मिली गोपनीय सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने छापेमारी की, जहां जांच के दौरान परिषद के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में संदिग्धों के पास मिले कुछ प्रश्न TET 2025 के मूल प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए भिवंडी पुलिस थाने में केस दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। परिषद ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण जांच पूरी होने तक 28 जून को प्रस्तावित परीक्षा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए केवल परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अपडेट पर ही भरोसा करें। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जांच पूरी होने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद की जाएगी।
पेपर लीक के बाद जांच में जुटा विभाग
शिक्षा विभाग फिलहाल इस बात की पुष्टि करने में जुटा है कि संदिग्धों के पास से बरामद प्रश्नपत्र वास्तव में आगामी टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (TET) का असली पेपर है या फिर केवल किसी मॉक टेस्ट की कॉपी। यदि जांच में बरामद प्रश्नपत्र और वास्तविक परीक्षा का पेपर मेल खाते हैं, तो पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए जा सकते हैं। साथ ही, शिक्षा विभाग निर्धारित परीक्षा को रद्द करने या स्थगित करने जैसे बड़े फैसले पर भी विचार कर सकता है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। हालांकि, अब तक पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पेपर लीक से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका
रविवार को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा में 4.28 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक की आशंका ने लाखों उम्मीदवारों की मेहनत और भविष्य पर अनिश्चितता के बादल खड़े कर दिए हैं। यह पहली बार नहीं है जब टीईटी परीक्षा विवादों में आई हो। इससे पहले भी 2025 में कोल्हापुर से टीईटी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था, जिसने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।



