मुंबई। बॉलीवुड के दो बड़े सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। करीब 18 साल बाद दोनों की जोड़ी फिल्म ‘हैवान’ में वापसी कर रही है। फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। निर्देशक प्रियदर्शन की यह सस्पेंस थ्रिलर 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।’हैवान’ के साथ अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही है। इससे पहले दोनों 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ नजर आए थे। इस बार दोनों एक अलग अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं, जबकि इसमें श्रेया पिलगांवकर और सायामी खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक सस्पेंस थ्रिलर है, जिसमें दर्शकों को रोमांच और दमदार कहानी देखने को मिलेगी।हालांकि, ‘हैवान’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर आसान राह नहीं होगी। फिल्म की रिलीज के साथ ही आयुष्मान खुराना और सारा अली खान स्टारर ‘उड़ता तीर’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।अब सभी की नजर इस बात पर है कि 18 साल बाद अक्षय और सैफ की जोड़ी एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर वही जादू चला पाएगी या फिर रिलीज क्लैश उनकी रफ्तार पर ब्रेक लगा देगा।



