Friday, July 31, 2026
HomeLatest Newsदर्जी के बेटे ने कॉमनवेल्थ गेम्स में बढ़ाया भारत का मान, लवप्रीत...

दर्जी के बेटे ने कॉमनवेल्थ गेम्स में बढ़ाया भारत का मान, लवप्रीत सिंह ने सिल्वर जीत बनाया ये रिकॉर्ड

Lovepreet Singh CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने पुरुष +110 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल जीता। स्नैच में 176 किलोग्राम उठाकर नया खेल रिकॉर्ड बनाया, लेकिन कुल 388 किलोग्राम के साथ महज 1 किलो से गोल्ड मेडल से चूक गए।

Lovepreet Singh CWG 2026: भारतीय वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 110 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया. 28 वर्षीय लवप्रीत ने स्नैच में नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया, लेकिन कुल भार में गोल्ड मेडल विजेता से केवल 1 किलोग्राम पीछे रह गए. लवप्रीत ने स्नैच में 176 किलोग्राम वजन उठाकर नया खेल रिकॉर्ड बनाया, जबकि क्लीन एंड जर्क में 212 किलोग्राम वजन उठाया. इस तरह उन्होंने कुल 388 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता.

न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू लिटि ने स्नैच में 166 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में रिकॉर्ड 223 किलोग्राम वजन उठाते हुए कुल 389 किलोग्राम के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया. इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ ने कुल 356 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया.

रिकॉर्ड के साथ की दमदार शुरुआत

लवप्रीत ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार अंदाज में की. उन्होंने पहले प्रयास में 168 किलोग्राम और दूसरे प्रयास में 173 किलोग्राम वजन आसानी से उठाया. इसके बाद तीसरे प्रयास में 176 किलोग्राम भार सफलतापूर्वक उठाकर नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड कायम किया और क्लीन एंड जर्क से पहले 10 किलोग्राम की बढ़त बना ली. इस दौरान गोल्ड मेडल के दावेदार सामोआ के सनेले माओ स्नैच में 175 किलोग्राम के तीनों प्रयासों में असफल रहे, जिससे लवप्रीत की गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद और मजबूत हो गई.

अंतिम प्रयास में चूका गोल्ड

क्लीन एंड जर्क में न्यूजीलैंड के डेविड लिटि ने जोरदार वापसी करते हुए पहले प्रयास में 207 किलोग्राम वजन उठाया. इसके बाद लवप्रीत ने दूसरे प्रयास में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 212 किलोग्राम सफलतापूर्वक उठाया. दर्शकों के ‘कम ऑन जट्टा’ और ‘कम ऑन सिंह’ के नारों के बीच लवप्रीत ने अंतिम प्रयास में 217 किलोग्राम वजन उठाने का फैसला किया. यदि वह इसमें सफल रहते तो नया खेल रिकॉर्ड बनाने के साथ गोल्ड मेडल भी जीत लेते, लेकिन वह वजन को सिर के ऊपर स्थिर नहीं रख सके और प्रयास असफल रहा. इसका फायदा उठाते हुए डेविड लिटि ने 223 किलोग्राम वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क का नया खेल रिकॉर्ड बनाया और कुल भार में 389 किलोग्राम के साथ महज एक किलोग्राम के अंतर से गोल्ड मेडल जीत लिया।

भारत का वेटलिफ्टिंग में अभियान समाप्त

पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले लवप्रीत ने इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। उनकी उपलब्धि से भारत का लगातार तीन स्पर्धाओं में पदक नहीं जीत पाने का सिलसिला भी टूटा. भारतीय वेटलिफ्टर दल ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में अपना अभियान एक गोल्ड, छह सिल्वर और एक ब्रॉन्ज सहित कुल 8 पदकों के साथ समाप्त किया.

साधारण परिवार से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

पंजाब के अमृतसर जिले के बल सिकंदर गांव निवासी लवप्रीत सिंह साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता दर्जी हैं, जबकि दादा सब्जियां बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे. परिवार के प्रोत्साहन से उन्होंने 13 वर्ष की उम्र में वेटलिफ्टिंग शुरू की और आज देश के शीर्ष हैवीवेट वेटलिफ्टरों में अपनी पहचान बना चुके हैं.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image