Saturday, April 18, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान रॉयल्स के कोच संगकारा का बयान, वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा पर...

राजस्थान रॉयल्स के कोच संगकारा का बयान, वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा पर भरोसा, कहा- समय के साथ मैच की समझ और बेहतर होगी

कुमार संगकारा ने युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा कि उन्हें अपने खेल का आनंद लेना चाहिए और ज़्यादा चर्चा से बचना बेहतर है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने शानदार प्रदर्शन किया, हालांकि उतार-चढ़ाव भी देखा।

Vaibhav Suryavanshi IPL : कोलकाता। राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी के इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच टीम के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि इस किशोर खिलाड़ी को अपने खेल का आनंद लेते रहना चाहिए और उसके बारे में “कम कहा जाए तो बेहतर है”। संगकारा ने कहा कि वैभव की आईपीएल यात्रा शानदार पारियों और सीखने के अनुभवों का मिश्रण है, और इस उम्र में उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं। उन्होंने कहा, “मेरा संदेश सरल है हर स्थिति का लुत्फ लो। चाहे 35 गेंदों में 100 रन हों, 15 गेंदों में 50 रन या पहली ही गेंद पर आउट होना।

खेल में रन बनाना और आउट होना, दोनों ही प्रक्रिया का हिस्सा हैं। अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन बनाने वाले इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने मौजूदा आईपीएल सत्र में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ जसप्रीत बुमराह और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ जोश हेजलवुड जैसे गेंदबाज़ों पर भी आक्रामक प्रहार किए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में वह पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जिससे उनके प्रदर्शन में अस्थिरता भी सामने आई।

संगकारा ने कहा कि टी20 क्रिकेट में सलामी बल्लेबाजों के लिए आक्रामक शुरुआत करना सामान्य बात है और वैभव समय के साथ परिस्थितियों को समझना सीख जाएंगे। उन्होंने कहा, “वह खुद ही चीजें समझ लेंगे। ऐसे खिलाड़ी के लिए कभी-कभी कम कहा जाना ही बेहतर होता है।” उन्होंने कहा, “वैभव में अपार प्रतिभा है। वह नेट सत्र में कड़ी मेहनत करते हैं और मैच की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं। मैं चाहता हूं कि वैभव अपनी 15 साल की उम्र की स्वाभाविक मासूमियत और खेल के प्रति जिज्ञासा को बनाए रखें, क्योंकि यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

संगकारा ने टीम के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल की भी जमकर सराहना की और कहा कि उनकी स्पष्ट सोच और आत्मविश्वास ने उनके प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि जुरेल नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 200 से अधिक रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी नाबाद 81 रन की संयमित और जिम्मेदार पारी ने सभी को प्रभावित किया। संगकारा ने कहा, “उनका हमेशा से लक्ष्य रन बनाना रहा है। वह टीम पर प्रभाव डालने वाले खिलाड़ी हैं। वह कद में छोटे हैं, लेकिन उनके इरादे बेहद मजबूत हैं और उनके पास ताकत के साथ-साथ तकनीक भी है। उन्होंने आगे कहा कि जुरेल अपनी भूमिका और करियर की दिशा को लेकर स्पष्ट हैं, जिससे उनके खेल में और निखार आया है।

संगकारा ने कहा, अब उन्हें पता है कि राजस्थान रॉयल्स और संभवतः भारतीय टीम में उनका रास्ता क्या है। इस स्पष्टता ने उन्हें खुलकर खेलने की आज़ादी दी है, रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भले ही रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हों, लेकिन मुख्य कोच संगकारा का मानना है कि उनका प्रदर्शन वास्तविक स्थिति से कहीं बेहतर है। उन्होंने कहा कि पराग अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे हैं और गेंद को सही समय पर और सही जगह खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, जब मैं उन्हें बल्लेबाज़ी करते देखता हूं, तो वह वास्तव में बहुत अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे हैं। वह गेंद को अच्छे से खेल रहे हैं और जानते हैं कि उसे कहां खेलना है,” संगकारा ने कहा कि क्रिकेट में कई बार खिलाड़ी अच्छा खेलता है लेकिन रन नहीं बनते। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सत्र में अब तक संघर्ष किया है, लेकिन संगकारा ने कहा कि किसी भी टीम के खिलाफ रिकॉर्ड या मौजूदा फॉर्म निर्णायक नहीं होता। उन्होंने कहा, “हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं लेते। रिकॉर्ड्स का आमने-सामने के मुकाबलों में कोई मतलब नहीं होता। हमें उम्मीद है कि यह एक कठिन मुकाबला होगा।” उन्होंने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स एक मजबूत टीम है, भले ही परिणाम उनके पक्ष में नहीं आए हों।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular