Aamir Khan Lawrence Bishnoi Threat: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बाद अब अभिनेता आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी दी गई है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट और एक कथित ऑडियो क्लिप में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा करते हुए आमिर खान को गौरी स्प्रैट के साथ विवाह को लेकर धमकाया गया है. वायरल पोस्ट में आमिर खान पर ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है और उन्हें चेतावनी दी गई है.
धमकी देकर कही गई ये बात
धमकी भरे पोस्ट में लिखने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि वे ‘आरजू बिश्नोई’ और ‘टायसन बिश्नोई’ हैं. पोस्ट में कहा कि जो लोग हमारे देश में हमारी संस्कृति के खिलाफ ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा दे रहे हैं जैसे आमिर खान. हमने उन्हें चेतावनी दी है और अब यह आखिरी चेतावनी है, जिसके बाद कार्रवाई करने की धमकी दी है.
आगे कहा, ‘यह चीज हमारे सनातन धर्म और हमारे देश के खिलाफ है. हम अपने भाइयों, बहनों और देशवासियों से वादा करते हैं कि जो कोई भी इस घिनौने काम को बढ़ावा देगा, हम उसे अपने तरीके से जवाब देंगे. जो लोग स्टारडम के नाम पर इसे बढ़ावा दे रहे हैं, इनकी हमल सांसें दबा देंगे’.
पुलिस ने शुरू की जांच
मुंबई पुलिस ने बताया कि अभी तक आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस के अनुसार, उन्हें इस कथित धमकी की जानकारी मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए मिली है तथा वायरल पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच की जा रही है.
शादी के बाद सामने आया मामला
यह कथित धमकी आमिर खान और गौरी स्प्रैट के विवाह के कुछ समय बाद सामने आई है. दोनों ने 5 जुलाई को मुंबई स्थित अपने घर में एक निजी समारोह में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत विवाह किया था. एक्टर की तीसरी शादी पर काफी बवाल मचा हुआ है. कई हिंदू संगठनों ने आमिर की शादी को लव जिहाद बताया है. इतना ही नहीं एक्टर के खिलाफ फतवा भी जारी किया है.
‘लव जिहाद’ विवाद पर क्या बोले थे आमिर?
हाल ही में एक बातचीत के दौरान आमिर खान ने ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनका परिवार हमेशा विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों का सम्मान करता आया है. उन्होंने कहा कि उनकी दोनों बहनों की शादी हिंदू परिवारों में हुई है, उनकी बेटी ने भी एक हिंदू युवक से विवाह किया है और उनके परिवार में अलग-अलग धर्मों के लोग हैं. आमिर ने यह भी कहा कि उनकी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव ने विवाह के दौरान अपना धर्म नहीं बदला था क्योंकि उनकी शादी सिविल मैरिज के तहत हुई थी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गौरी स्प्रैट ने भी विवाह के बाद अपना धर्म नहीं बदला है.



