Kangana Ranaut vs Hrithik Roshan : नई दिल्ली। अभिनेत्री कंगना रनौत ने ऋतिक रोशन की ‘अनुचित टिप्पणियों’ पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने ऋतिक पर ऑनलाइन ट्रोलिंग को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नाम का इस्तेमाल कर उन्हें निशाना बनाने वालों की निंदा की जानी चाहिए। ऋतिक ने हाल में ‘इंस्टाग्राम’ पर एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें लिखा था ‘हमें ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए।’ यह पोस्ट विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शनों पर कंगना की हालिया टिप्पणियों के बाद साझा की गई थी।

इस पर ऋतिक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि लोगों को ऑनलाइन विमर्श से बहकना नहीं चाहिए और वह कोई भी रुख अपनाने से पहले सही संदर्भ और तथ्यों को परखेंगे। उन्होंने कहा, मेरे दोस्त, सिर्फ इसलिए ‘ए’ का पक्ष लेना कि अब तुम्हें ‘बी’ पसंद नहीं है, यह हमारे समाज को जकड़े हुए उस बड़ी और गहरी समस्या का एक छोटा-सा हिस्सा है। मैं इंतजार करूंगा कि इस मुद्दे पर सही संदर्भ में और तथ्यों के आधार पर बात हो। वही निष्पक्ष होगा। लेकिन फिर भी, अब इसकी परवाह किसे है?

कंगना ने ऋतिक पर बोला हमला
कंगना रनौत ने शनिवार को ऋतिक रोशन की प्रतिक्रिया से जुड़ी खबर अपनी ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ पर दोबारा साझा करते हुए कहा कि अभिनेता को उन लोगों की निंदा करनी चाहिए, जो उनके नाम का इस्तेमाल कर उन्हें (कंगना) लगातार परेशान कर रहे हैं और ऑनलाइन निशाना बना रहे हैं। कंगना ने लिखा, ‘‘प्रिय ऋतिक, मुझे खुशी है कि तुम्हें तुम्हारा आदर्श जीवनसाथी सबा आजाद मिल गई है। तुम दोनों साथ में बेहद अच्छे लगते हो और एक प्रतिबद्ध रिश्ते में हो।
ऐसे में किसी महिला का इस तरह मजाक उड़ाना तुम्हें शोभा नहीं देता। उन्होंने लिखा, ‘‘इसके बजाय, आपको उन सभी लोगों की निंदा करनी चाहिए जो आपका नाम लेकर मुझे परेशान कर रहे हैं। आग में घी डालना और अपने साथी को शर्मिंदा करना बंद करें। उम्मीद है कि आपको सद्बुद्धि आएगी और आप अनुचित टिप्पणियां करना बंद करेंगे।
ऋतिक ने अभी तक इन टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। दोनों कलाकारों के बीच विवाद 2016 से देखने में आ रहा है, जब दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद हुआ कि क्या वे प्रेम संबंध में थे। यह विवाद कानूनी लड़ाई, ईमेल लीक होने और समय-समय पर एक-दूसरे पर सार्वजनिक टिप्पणियां करने तक पहुंच गया।कंगना ने दावा किया था कि वे कुछ समय के लिए साथ थे, जबकि ऋतिक ने इन सभी दावों से इनकार किया था।



